खुले नाले में गिरकर हलवाई की मौत, 20 मिनट तक पड़ा रहा

 


कानपुर, 18 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कानपुर नगर में चकेरी थाना क्षेत्र के कृष्णानगर स्थित कर्मचारी नगर में मंगलवार दोपहर खुले नाले में गिरकर एक व्यक्ति की मौत हो गई। बुधवार को घटना का सीसीटीवी वीडियो सामने आया, जिसमें व्यक्ति घर के बाहर बैठे हुए अचानक गश खाकर नाले में गिरता दिखाई दे रहा है।

सहायक पुलिस आयुक्त चकेरी आशुतोष कुमार सिंह ने बताया कि कर्मचारी नगर निवासी हरिशंकर बाजपेई (45) हलवाई का काम करते थे। मंगलवार दोपहर करीब 2:17 बजे वह घर के बाहर बैठे थे। इसी दौरान अचानक गश खाकर नगर निगम के खुले कनेक्टिंग नाले में गिर पड़े। परिजनों के मुताबिक, वह करीब 20 मिनट तक नाले में पड़े रहे। पत्नी और बेटी बाजार से लौटीं तो उन्हें नाले में औंधे मुंह पड़ा देखा। पत्नी ने आनन-फानन में बाहर निकालकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस उन्हें अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

घटना का सीसीटीवी वीडियो बुधवार दोपहर करीब 2:30 बजे सामने आया। वीडियो में हरिशंकर घर के बाहर बैठे दिखाई देते हैं और कुछ देर बाद अचानक नाले में गिर जाते हैं। परिजनों ने नगर निगम की लापरवाही को हादसे की वजह बताते हुए कार्रवाई की मांग की है। वहीं, परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया था। पुलिस ने मामले की जांच की बात कही है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप