व्यापारी ने घर की चौथी मंजिल से कूदकर दी जान
कानपुर, 13 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में कानपुर नगर के किदवई नगर थाना क्षेत्र में रहने वाले एक लोहा व्यापारी ने सोमवार को व्यापार में हुए नुकसान के चलते घर की चौथी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम भेजकर जांच पड़ताल में जुट गई।
किदवई नगर के ई-ब्लॉक निवासी अर्पित जैन (40) लोहा व्यापारी थे। उनके परिवार में पत्नी श्वेता और दो बेटे द्रव्य और प्रांशु हैं। परिजनों ने बताया कि बीते कुछ समय पहले उन्हें व्यापार में भारी नुकसान हो गया, जिससे वह काफी परेशान रहने लगे थे। छोटी छोटी बात पर चिढ़ने और फिर तनाव लेना उनकी आदत सी बन गई थी। यही कारण है कि वह गुमसुम से भी रहने लगे थे। आज जब सभी लोग अपने-अपने कामों में व्यस्त थे। तभी वह मौका पाकर घर की चौथी मंजिल पर चढ़ गए और फिर अचानक वहां से छलांग लगा दी। जोरदार आवाज होने पर पड़ोसी और परिजन मौके पर पहुंचे। परिजन घायल अवस्था में उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने व्यापारी को मृत घोषित कर दिया।
थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार राय ने बताया कि व्यापार में भारी नुकसान होने की वजह से व्यापारी ने खुदखुशी की है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।----------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप