सड़क हादसे में बालक की मौत के बाद आक्रोशित लोगों ने लगाया जाम
देवरिया, 02 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में बरियारपुर चौराहे पर तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आने से 10 वर्षीय बालक की मौत के बाद शनिवार शाम को क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचते ही परिजनों और स्थानीय लोगों ने सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया और चौराहे पर जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारियों ने दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई और क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुधारने की मांग की।
मृतक की पहचान बरियारपुर थाना क्षेत्र के दलपिठनी गांव निवासी पीयूष (10) पुत्र धर्मेंद्र शर्मा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब आठ बजे पीयूष अपने घर के सामने सड़क पार कर रहा था। तभी तेज रफ्तार पल्सर बाइक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह सड़क पर गिर पड़ा और उसके सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के दुकानदार और राहगीर तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और घायल बालक को संभाला। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और परिजनों की मदद से पीयूष को महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज, देवरिया पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
शनिवार शाम करीब पांच बजे जब पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा, तो परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। स्थानीय लोगों के साथ मिलकर उन्होंने बरियारपुर चौराहे पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण नहीं होने से लगातार हादसे हो रहे हैं, लेकिन प्रशासन कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा।
मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाने का प्रयास किया और दोषी के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया। काफी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया गया।
थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपित चालक की तलाश जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक