मथुरा : 9वें राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारंभ कर जिलाधिकारी ने दिया कुपोषण मिटाने का संदेश

 


मथुरा, 10 सितम्बर(हि.स.)। बाल विकास विभाग की ओर से मथुरा, कलैक्ट्रेट सभागार से आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं द्वारा गुरुवार पोषण रैली निकाल कर 9वें राष्ट्रीय पोषण माह का विधिवत शुभारंभ किया गया। विधायक बल्देव पूरन प्रकाश एवं जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया।

यह अभियान 09 सितम्बर से 08 अक्टूबर तक चलाया जाएगा। इस वर्ष की मुख्य थीम हमारी आंगनबाड़ी हमारी जिम्मेदारी रखी गई है। इसके अलावा पोषण माह के मुख्य बिंदु एवं गतिविधियांें आहार विविधता एवं पर्याप्त प्रोटीन, आंगनबाड़ी केन्द्रों पर ताजा पका भोजन, सामुदायिक स्वामित्व एवं जवाबदेही, बाल विकास हेतु पोषण एवं उद्दीपन, प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना शामिल हैै।

जिलाधिकारी चन्द्र प्रकाश सिंह ने बताया जनपद में जन-जागरूकता एवं पोषण के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से इस पोषण रैली का आयोजन किया गया है। रैली के माध्यम से लोगों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार अपनाने तथा बच्चों, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के स्वास्थ्य व पोषण पर विशेष ध्यान देने के लिए प्रेरित किया गया। उन्होंने कहा एक स्वस्थ एवं सशक्त समाज के निर्माण के लिए प्रत्येक परिवार में पोषण संबंधी जागरूकता अत्यंत आवश्यक है। कुपोषण की रोकथाम के लिए शासन द्वारा संचालित सभी योजनाओं एवं कार्यक्रमों का सीधा लाभ प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।

अभियान के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों पर स्थानीय व सुलभ खाद्य पदार्थों के व्यंजन प्रदर्शन, पोषण मेला, प्रोटीन थाली प्रतियोगिता, ई.सी.सी.ई. दिवस, अन्नप्राशन, गोदभराई, टीकाकरण शिविर, प्रसव पूर्व जांच, साइकिल रैली, पदयात्रा एवं प्रभात फेरी जैसी जन-जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी श्रीमती गरिमा खरे, परियोजना निदेशक डीआरडीए अरुण कुमार उपाध्याय, जिला कार्यक्रम अधिकारी योगेन्द्र सिंह, बाल विकास परियोजना अधिकारी मथुरा शहर अशोक कुमार सिंह सहित मुख्य सेविकाएं एवं बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां उपस्थित रहीं।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार