संभल में 96 लोगों को अतिक्रमण हटाने का नोटिस, कल्कि धाम होकर गंगा एक्सप्रेस-वे तक बनेगा फोरलेन हाईवे
संभल, 10 जुलाई (हि.स.)। जनपद संभल की सदर तहसील क्षेत्र के असमोली विकास खंड क्षेत्र में जोया मार्ग से कल्कि धाम होते हुए गंगा एक्सप्रेस-वे तक बनने वाले फोरलेन मार्ग के लिए 96 लोगों को अतिक्रमण हटाने के नोटिस जारी किए गए हैं। इन लोगों को 15 दिन के भीतर अवैध कब्जा हटाने की चेतावनी दी गई है। शुक्रवार को पुलिस ने अनाउंसमेंट करते हुए ये नोटिस थमाए।
यह कार्रवाई जनपद संभल की सदर तहसील क्षेत्र के ब्लॉक असमोली क्षेत्र में की जा रही है। थाना ऐंचौड़ा कम्बोह गांव में 86, ज्ञानपुर सिसौना में 4 और चितावली गांव में 6 लोगों को नोटिस दिए गए हैं। यह फोरलेन मार्ग संभल-जोया रोड से शुरू होकर ऐंचौड़ा कम्बोह स्थित श्रीकल्कि धाम से होते हुए तहसील संभल के खिरनी गांव में गंगा एक्सप्रेस-वे इंटरचेंज से जुड़ेगा। पीडब्ल्यूडी विभाग के सहायक अभियंता तृतीय ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता की धारा 52 के तहत अतिक्रमण न हटाने वालों पर जुर्माना लगाया जाएगा और खर्च भी उन्हीं से वसूला जाएगा। सभी प्रभावित लोगों को 22 जुलाई तक का समय दिया गया है। इस अवधि के बाद प्रशासन सरकारी जमीन से अतिक्रमण को बलपूर्वक हटाएगा।
असमोली थाना प्रभारी मोहित चौधरी और ऐंचौड़ा कम्बोह थाना प्रभारी लवनीश कुमार ने शुक्रवार काे पुलिस बल के साथ पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा जारी किए गए नोटिस वितरित किए। उन्होंने अनाउंसमेंट के जरिए लोगों को समय रहते अतिक्रमण हटाने की चेतावनी भी दी।
यह नया मार्ग गंगा एक्सप्रेस-वे को श्रीकल्कि धाम होते हुए दिल्ली-लखनऊ हाईवे से जोड़ेगा। यह संभल के प्राचीन 68 तीर्थों और 19 कूपों की 25 कोसीय परिक्रमा मार्ग से भी गुजरेगा। इससे भविष्य में संभल कल्कि नगरी और श्रीकल्कि धाम आने वाले श्रद्धालुओं को पहुंचने में सुविधा होगी।
आपको बता दे कि पीडब्ल्यूडी विभाग ने तीन दिन पूर्व भी असमोली विकास खंड के दुबाई कलां गांव में भी 47 लोगों को सरकारी भूमि पर मकान और दुकान बनाने के आरोप में नोटिस जारी कर अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी थी।
हिन्दुस्थान समाचार / Nitin Sagar