नब्बे लाख रुपये कीमत की अवैध बीयर-शराब की गई नष्ट

 


जेसीबी से गड्ढे में बहाई गई दस हजार लीटर अवैध शराब

फतेहपुर, 22 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में सोमवार को अवैध शराब के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मलवां थाना परिसर में न्यायालय और जिलाधिकारी के आदेश पर करीब 90 लाख रुपये कीमत की अवैध बीयर और शराब को नष्ट कराया गया।

विनिष्टीकरण टीम ने कुल 05 मुकदमों के तहत जब्त अवैध शराब को नष्ट किया। 12,048 कैन अवैध बीयर, 10,749.973 लीटर अवैध शराब, कुल कीमत लगभग 90 लाख रुपये आंकी गई।

उपजिलाधिकारी सदर, क्षेत्राधिकारी नगर, जिला आबकारी अधिकारी, जिला शासकीय अधिवक्ता फौजदारी और प्रभारी निरीक्षक मलवां की उपस्थिति में थाने परिसर में गड्ढा खुदवाकर जेसीबी मशीन से सभी कैन और शराब की बोतलें नष्ट कर दी गईं।

पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि थाना मलवां में आबकारी अधिनियम के तहत दर्ज मामलों में जब्त शराब को कोर्ट के आदेश और जिलाधिकारी फतेहपुर द्वारा गठित समिति की मौजूदगी में नष्ट कराया गया है।

उन्होंने कहा कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार