मिड सेमेस्टर परीक्षा में 75 फीसद हाजिरी अनिवार्य : प्रो. बृष्टि मित्रा

 


कानपुर, 23 फरवरी (हि.स.)। विश्वविद्यालय मिड सेमेस्टर परीक्षा में वही छात्र शामिल हो सकेंगे, जिनकी कक्षा में उपस्थिति 75 प्रतिशत या उससे अधिक थी। 75 प्रतिशत से कम उपस्थिति वाले छात्रों को परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं दी गई। प्रशासन का कहना है कि इस नियम का सख्ती से पालन कराया गया, ताकि शैक्षणिक अनुशासन सुनिश्चित किया जा सके। यह जानकारी सोमवार काे डीन एकेडमिक्स प्रो. बृष्टि मित्रा ने दी।

छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) परिसर में मिड सेमेस्टर परीक्षाएं सोमवार से शुरू हो गईं, जो 28 फरवरी तक चलेंगी। उन्होंने बताया कि परिसर के शैक्षणिक कैलेंडर के अनुसार मिड (सम) सेमेस्टर परीक्षाओं का आयोजन किया जा रहा है। इन परीक्षाओं में परिसर में संचालित 148 प्रोग्राम के करीब 13 हजार 500 से अधिक छात्र-छात्राएं शामिल हुए। परीक्षाएं चार शिफ्टों में सकुशल संपन्न कराई गईं।

परीक्षा व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए डीन एकेडमिक्स प्रो. बृष्टि मित्रा और परिसर के परीक्षा नियंत्रक डॉ. बी.पी. सिंह ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने केंद्रों पर अनुशासन और पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप