मुरादाबाद रेल मंडल के 65 स्टेशन मास्टर सुरक्षित कार्यप्रणाली से हुए रूबरू
मुरादाबाद, 02 अक्टूबर (हि.स.)। ऑल इंडिया स्टेशन मास्टर्स एसोसिएशन की ओर से शुक्रवार काे हरिद्वार में सुरक्षा सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में उत्तर रेलवे के सभी छह मंडलों से स्टेशन मास्टरों ने प्रतिभाग किया, जिसमें मुरादाबाद रेल मंडल के लगभग 65 स्टेशन मास्टर शामिल हुए। सम्मेलन के दौरान स्टेशन मास्टरों को रेल परिचालन में संरक्षा के महत्व, सुरक्षित कार्यप्रणाली तथा निर्धारित नियमों एवं प्रक्रियाओं के पूर्ण अनुपालन के प्रति जागरूक किया गया। सम्मेलन में मुरादाबाद मंडल के वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी राजीव गुप्ता सहित संरक्षा अधिकारी एवं काउंसलर्स ने प्रतिभाग किया।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने बताया कि आज सुरक्षा सम्मेलन के दौरान स्टेशन मास्टरों को रेल परिचालन में संरक्षा के महत्व, सुरक्षित कार्यप्रणाली तथा निर्धारित नियमों एवं प्रक्रियाओं के पूर्ण अनुपालन के प्रति जागरूक किया गया। इस अवसर पर प्रोजेक्टर के माध्यम से संरक्षा से संबंधित वीडियो एवं प्रस्तुतियां प्रदर्शित की गईं, जिनमें स्टेशन मास्टरों के कर्तव्यों एवं उत्तरदायित्वों, विशेषकर असामान्य कार्यप्रणाली, आपातकालीन परिस्थितियों तथा अन्य महत्वपूर्ण परिचालन स्थितियों के दौरान अपनाई जाने वाली सुरक्षित कार्यप्रणाली के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी, मुरादाबाद राजीव गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि सुरक्षित रेल परिचालन में स्टेशन मास्टर की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। प्रत्येक परिस्थिति में निर्धारित नियमों एवं प्रक्रियाओं का अक्षरशः पालन, सतर्कता एवं आपसी समन्वय संरक्षा की आधारशिला है। विशेषकर असामान्य एवं आपातकालीन परिस्थितियों में धैर्यपूर्वक तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्य करते हुए यात्रियों एवं रेल परिचालन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने स्टेशन मास्टरों से कार्य के दौरान निरंतर सजग रहने तथा संरक्षा संबंधी नियमों एवं निर्देशों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
सम्मेलन के दौरान स्टेशन मास्टरों के साथ संरक्षा संबंधी विभिन्न विषयों पर संवाद एवं चर्चा भी की गई तथा विभिन्न परिचालन परिस्थितियों में अपनाई जाने वाली सावधानियों एवं सुरक्षित कार्यप्रणाली के संबंध में जानकारी साझा की गई।
------------------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल