एनएच-44 व एनएच-39 को जोड़ने के लिए 631 करोड़ का बाईपास स्वीकृत

 


सांसद अनुराग शर्मा के प्रयास रंग लाए, क्षेत्रीय विकास को मिलेगी रफ्तार

झांसी, 01 अप्रैल (हि.स.)। झांसी-ललितपुर संसदीय क्षेत्र के लिए एक बड़ी सौगात के रूप में केंद्र सरकार ने एनएच-44 और एनएच-39 को जोड़ने वाले बाईपास निर्माण को मंजूरी दे दी है। सांसद अनुराग शर्मा के प्रयासों से यह परियोजना साकार हुई है, जिसके लिए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी द्वारा 631.73 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है।

यह प्रस्तावित बाईपास करीब 15.572 किमी लंबा होगा और इसे ‘ग्रीन कॉरिडोर’ के रूप में विकसित किया जाएगा। इस परियोजना से झांसी और ओरछा के बीच यातायात व्यवस्था सुगम होगी, साथ ही क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

ग्रीन कॉरिडोर के रूप में विकसित होने वाली यह परियोजना पर्यावरण संरक्षण के दृष्टिकोण से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इससे बुंदेलखंड क्षेत्र में हरियाली बढ़ाने में मदद मिलेगी। इस उपलब्धि पर सांसद अनुराग शर्मा ने कहा कि उन्होंने कई बार केंद्रीय मंत्री से मुलाकात कर इस परियोजना की आवश्यकता को रखा था। स्वीकृति मिलने पर उन्होंने उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह परियोजना ‘विकसित बुंदेलखंड’ के सपने को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। परियोजना की घोषणा के बाद क्षेत्र में खुशी की लहर है। स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने इसे विकास की दिशा में बड़ा कदम बताया है।

औद्योगिक विकास को मिलेगा बढ़ावा

बाईपास निर्माण से बीडा के अंतर्गत विकसित हो रहे औद्योगिक क्षेत्रों को नई गति मिलने की उम्मीद है। बेहतर कनेक्टिविटी से निवेश और व्यापारिक गतिविधियों में वृद्धि होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया