दोस्तों के साथ खेलने गया छह वर्षीय बच्चा लापता, अपहरण की आशंका

 


नोएडा, 14 अक्टूबर (हि.स.)। थाना कासना क्षेत्र से एक 06 वर्षीय बच्चा लापता हो गया है। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है। बच्चे के पिता ने अपहरण की आशंका व्यक्त की है।

थाना कासना के प्रभारी निरीक्षक पंकज कुमार शर्मा ने बुधवार काे बताया कि सोना उल्लाह ने आज सुबह को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह कासना में रहते हैं। पीड़ित के अनुसार 13 अक्टूबर को उनका बेटा नूर आलम उम्र 6 वर्ष शाम 6 बजे के करीब ताजुद्दीन के बेटे आएब अली (6 वर्ष) व हाफिजुर रहमान के बेटे सुरावली (5 वर्ष) के साथ पुस्ता की तरफ खेलने गया था। थाना प्रभारी ने बताया कि बाद में आएब अलि और सुरावली वापस आ गए, लेकिन पीड़ित का बेटा नूर आलम वापस नहीं आया। उसने आस-पास अपने बच्चों को ढूंढा लेकिन वह नहीं मिला। उन्होंने बताया कि आज सुबह को पीड़ित ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस की तीन टीमें लगाकर बच्चे की तलाश कर रही हैं। वहीं पीड़ित ने अपने बच्चे की अपहरण की आशंका जताई है।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी