आरटीई : अब तक 5747 बच्चों का हुआ प्रवेश

 


-बीएसए स्तर से खंड शिक्षा अधिकारियों के नेतृत्व में दो-दो सदस्यीय छह टीमें गठित की जाएंगी

मुरादाबाद, 01 मई (हि.स.)। जिले की मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी ने शुक्रवार को बताया कि आरटीई योजना के तहत लॉटरी से चयनित 7124 बच्चों में से अब तक 5747 का प्रवेश हो चुका है, जबकि 1377 बच्चों का प्रवेश शेष है।

उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन सभी बच्चों का आवंटित विद्यालयों में सात दिन के भीतर अनिवार्य रूप से प्रवेश कराया जाए। इसके लिए बीएसए स्तर से खंड शिक्षा अधिकारियों के नेतृत्व में दो-दो सदस्यीय छह टीमें गठित की जाएंगी।

उन्होंने मुरादाबाद के डीपीआरओ को निर्देशित किया कि जिन विद्यालयों में पर्याप्त स्थान उपलब्ध है, वहां ग्राम पंचायत के सहयोग से एमडीएम शेड बनवाए जाएं। ऑपरेशन कायाकल्प के तहत टाइलीकरण का कार्य भी जल्द पूरा कराया जाए। जिन विद्यालयों में फर्नीचर की कमी है, उनकी सूची तैयार कर डीपीआरओ को उपलब्ध कराई जाए।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल