मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर चेकिंग अभियान में 516 अनाधिकृत पानी बोतल जब्त
मुरादाबाद, 28 मई (हि.स.)। जिले के मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर सहायक मंडल वाणिज्य प्रबंधक एचएस मीना ने टिकट चेंकिंग स्टाफ के साथ दुर्गियाना एक्सप्रेस एवं काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस में विशेष औचक निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान दोनों गाड़ियों के कोचों के दरवाजों के पास से अनाधिकृत पानी बोतलों के 43 कार्टन (कुल 516 बोतल) जब्त किए गए।
अभियान के दौरान रेलगाड़ी संख्या (12358) अमृतसर-कोलकाता दुर्गियाना एक्सप्रेस एवं (15128) नई दिल्ली-बनारस काशीविश्वनाथ एक्सप्रेस एवं मुरादाबाद स्टेशन पर सघन चेकिंग की गई।
इस दौरान दोनों गाड़ियों के कोचों के दरवाजों के पास से अनाधिकृत पानी बोतलों के 43 कार्टन (कुल 516 बोतल) जब्त किए गए। मौके पर कोई वेंडर नहीं पाया गया।
चेकिंग अभियान के दौरान 12 बिना टिकट यात्रियों से जुर्माना सहित 5,870 रुपये, 36 अनियमित यात्रा करने वाले यात्रियों से 21,230 रूपये वसूले गए। इसके अतिरिक्त स्टेशन परिसर में गंदगी फैलाने वाले 10 व्यक्तियों के विरुद्ध कार्यवाही करते हुए 3,500 रूपये का जुर्माना लगाया गया। इस प्रकार कुल 58 मामलों में 30,600 रूपये का राजस्व अर्जित किया गया।
मंडल प्रशासन ने स्टेशनों एवं ट्रेनों में समय-समय पर विशेष टिकट चेंकिंग अभियान चलाए जा रहे हैं। यात्रियों से अपील है कि वे बिना टिकट यात्रा न करें, स्वच्छता बनाए रखें तथा केवल अधिकृत वेंडरों से ही खाद्य सामग्री क्रय करें। रेल संबंधी किसी भी समस्या के लिए रेल वन ऐप अथवा रेल हेल्पलाइन नंबर 139 का उपयोग करें।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल