रोजगार मेला में आईटीआई के 50 छात्रों का चयन
हमीरपुर, 06 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर मुख्यालय स्थित रघुनन्दन सिंह आई०टी०आई० में सोमवार को रोजगार मेला का आयोजन हुआ। जिसमें देश की प्रतिष्ठित कम्पनी मारुती सुजुकी ने प्रतिभाग किया। मेला में विद्यालय के 60 छात्र शामिल हुये जिसमें 50 छात्रों का चयन हुआ।
मारुती सुजुकी कम्पनी ने रघुनन्दन सिंह आई०टी०आई० के छात्रों का एक्जाम तथा साक्षात्कार में उत्कृष्ठ प्रदर्शन देखते हुये रोजगार मेला लगाया। मारुती सुजुकी कम्पनी के एच०आर० रनजीत सिंह ने बताया कि सम्पूर्ण देश से छात्रों को ले रहे हैं परन्तु सी०बी०टी० परीक्षा में 90 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले छात्र इस संस्थान में सबसे अधिक संख्या में मिले है। कम्पनी ने संस्थान की लंब वर्कशाप प्रशिक्षण इत्यादि को देखते हुये प्रत्येक वर्ष छात्रों को लेने का निश्चिय किया है। उन्होंने बताया कि आजकल एन.सी.वी.टी.पोर्टल से सभी आई०टी०आई की जानकारी मिल जाती है।जिन आई.टी.आई की ग्रेडिग 8 से ऊपर पायी जाती है उसी आधार पर कम्पनी द्वारा संस्थान को चुना जाता है। उन्होंने बताया कि यहाँ आकर राष्ट्रीय स्तर की सुविधायें तथा शिक्षण व्यवस्था पायी गई है।
संस्थान के प्रधानाचार्य देवेश कुमार ने बताया कि इस बार संस्थान में प्रशिक्षण प्राप्त कर उत्तीण छात्रों को रोजगार मेले में सम्मिलित करने का अवसर दिया था। जिसमें लगभग 60 छात्रों ने भाग लिया, 50 छात्रों को कम्पनी द्वारा रोजगार दिया गया है। रोजगार प्राप्त किये हुये छात्र देवी प्रसाद यादव ने बताया कि रघुनन्दन सिंह आई०टी०आई० की वजह से उन्हें रोजगार प्राप्त हुआ है। संस्थान के प्रधानाचार्य देवेश कुमार ने बताया कि 2024 से वर्तमान समय तक के जो भी छात्र रोजगार नहीं पाये या किसी कारण वश नौकरी छोड़कर घर में हैं उन सभी को नौकरी दिलवाने का लक्ष्य है। जो छात्र आज रोजगार मेले में प्रतिभाग नहीं ले पाये है वो संस्थान आकर सम्पर्क करें उन्हे रोजगार ऑनलाइन प्रक्रिया द्वारा दिलवाया जायेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा