खेलते- खेलते पांच वर्षीय छात्र तालाब में डूबा, मौत

 


नोएडा, 18 मार्च (हि.स.)। थाना बादलपुर क्षेत्र की प्रीत विहार कॉलोनी में लापरवाही और अव्यवस्था ने एक मासूम की जिंदगी छीन ली। घरों से निकलने वाला गंदा पानी लंबे समय से एक खाली जगह पर जमा हो रहा था, जो अब एक छोटे तालाब का रूप ले चुका था। इसी पानी में बुधवार को खेलते-खेलते पांच वर्षीय मासूम की डूबकर मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और कॉलोनी के लोग भी इस हादसे से स्तब्ध हैं।

थाना बादलपुर के प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार भडाना ने बताया कि बादलपुर थाना क्षेत्र के प्रीत विहार कॉलोनी में उमेश कुमार परिवार के साथ रहते हैं। वह मूलत: रामपुर के रहने वाले हैं। ई-रिक्शा चलाकर परिवार का पालन पोषण करते हैं। उनका करीब 5 वर्षीय बच्चा देव छपरौला गांव स्थित बीएसआर मॉडर्न स्कूल में नर्सरी का छात्र था। वह रोजमर्रा की तरह बुधवार को दोपहर के समय स्कूल से घर आया था। घर से खेलने के लिए शाम को बाहर निकला। घर से कुछ ही दूरी पर कॉलोनी से निकलने वाला पानी एक स्थान पर एकत्र था। खेलते-खेलते वह पानी के पास पहुंच गया। जिससे बच्चे का पैर फिसलने के चलते पानी में गिर गया। पानी में गिरने पर वह डूब गया। जब काफी देर तक घर नहीं पहुंचा तो देव की माता घर के बाहर देखने के लिए निकली। तब तक वहां खेल रहे बच्चे डूबने का शोर मचा रहे थे। शोर सुुनकर आसपास के लोग वहां पहुंचे। बच्चे को पानी से बाहर निकाला गया। तत्काल बच्चे को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी