दिल्ली–रेवाड़ी खंड में सात अक्टूबर को लिया जाएगा छह घंटे का यातायात ब्लॉक, चार ट्रेन होंगी प्रभावित
यातायात ब्लॉक के कारण तीन रेलगाड़ियों के मार्ग में परिवर्तन एवं एक ट्रेन का पुनर्निर्धारण
मुरादाबाद, 03 सितम्बर (हि.स.)। दिल्ली–रेवाड़ी खंड में दिल्ली सराय रोहिल्ला–पटेल नगर–दिल्ली कैंट–पालम स्टेशनों के मध्य स्वचालित सिग्नलिंग प्रणाली के कमीशनिंग कार्य के लिए 07 अक्टूबर को 06 घंटे का यातायात ब्लॉक लिया जाएगा। उक्त कार्य के कारण 06 एवं 07 अक्टूबर को तीन रेलगाड़ियों के परिचालन में परिवर्तन किया गया है और एक गाड़ी का पुनर्निर्धारण किया गया।
यह जानकारी उत्तर रेलवे के मुरादाबाद रेल मंडल में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने गुरुवार को दी। उन्होंने बताया कि रेलगाड़ी संख्या 14321 बरेली–भुज एक्सप्रेस 07 अक्टूबर को अपने निर्धारित मार्ग के स्थान पर परिवर्तित मार्ग दिल्ली–रोहतक–भिवानी–रेवाड़ी मार्ग से होकर चलेगी। इस कारण निर्धारित मार्ग के दिल्ली सराय रोहिल्ला, दिल्ली कैंट, पालम, गुड़गांव, गढ़ी हरसरू, पटौदी रोड स्टेशनों पर ठहराव नहीं होगा।
रेलगाड़ी संख्या 14312 भुज–बरेली एक्सप्रेस 06 अक्टूबर को रेवाड़ी–भिवानी–रोहतक–दिल्ली मार्ग से परिवर्तित होकर चलेगी। निर्धारित मार्ग के पटौदी रोड, गढ़ी हरसरू जंक्शन, गुड़गांव, पालम, दिल्ली सराय रोहिल्ला स्टेशनों पर ठहराव नहीं होगा। रेलगाड़ी संख्या 09203 वेरावल–हरिद्वार जंक्शन विशेष गाड़ी 06 अक्टूबर को रेवाड़ी–भिवानी–रोहतक–दिल्ली मार्ग से परिवर्तित होकर चलेगी। निर्धारित मार्ग के गुड़गांव स्टेशन पर ठहराव प्रभावित रहेगा।
रेल गाड़ी संख्या 15715 किशनगंज – अजमेर जंक्शन गरीब नवाज एक्सप्रेस 06 अक्टूबर को किशनगंज से प्रात : 05:50 के स्थान पर पुनर्निर्धारित होकर प्रातः 08:30 बजे चलेगी अर्थात अपने निर्धारित समय से 02 घंटे 40 मिनट विलंब से प्रस्थान करेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल