इंद्र ध्वज महामंडल विधान के चौथे दिन हुई विशेष पूजा, भक्तामर दीप आराधना में उमड़े श्रद्धालु

 


मुरादाबाद, 21 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में रामगंगा विहार स्थित श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर में आयोजित श्री इंद्र ध्वज महामंडल विधान के चौथे दिन शनिवार को श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव के साथ पूजा-अर्चना की। आचार्य भद्रबाहु सागर महाराज के सानिध्य में हुए धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में जैन समाज के लोगों ने भाग लिया।

इस अवसर पर आचार्य भद्रबाहु सागर महाराज ने पूजा में विभिन्न द्रव्यों के अर्पण के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि भगवान के चरणों में जल अर्पित करना तीन प्रकार की अग्नियों को शांत करने और जीवन में शीतलता लाने का प्रतीक है। इसी प्रकार चंदन अर्पित करने के पीछे संसार के ताप और संताप को शांत करने की भावना निहित है। चंदन का लेप शीतलता और सुगंध का प्रतीक है, जबकि भगवान के उपदेश जीव को सांसारिक दुखों से मुक्ति का मार्ग दिखाते हैं।

विधान के दौरान नीरज शास्त्री ने मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधान से पूजा-अर्चना संपन्न कराई। शाम को संगीत की मधुर धुनों के बीच भक्तामर दीप आराधना का आयोजन हुआ। इसके बाद सामूहिक आरती की गई, जिसमें श्रद्धालुओं ने उत्साह और श्रद्धा के साथ सहभागिता की।

कार्यक्रम में मंदिर अध्यक्ष संदीप जैन, उपाध्यक्ष सजल जैन, मंत्री नीरज जैन, कोषाध्यक्ष विकास जैन, महिला अध्यक्ष सुषमा जैन, छवि जैन, श्रुति जैन, राकेश जैन, रजनी जैन और पूनम जैन सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल