रोडवेज बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली में भिड़ंत, दो महिलाओं समेत चार की मौत

 






मुरादाबाद, 28 नवम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में मुरादाबाद जनपद के थाना छजलैट क्षेत्र में शनिवार सुबह मुरादाबाद-हरिद्वार स्टेट हाईवे पर ग्राम लदावली स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास रोडवेज बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। हादसे में दो महिलाओं और एक बच्चे समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि महिला का पति गंभीर रूप से घायल हो गया। बस में सवार 11 अन्य यात्रियों को भी चोटें आईं।सूचना पाकर माैके पर पहुंची पुलिस ने शवाें काे पाेस्टमार्टम भेजकर घायलाें काे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।

पुलिस अधीक्षक देहात कुंवर आकाश सिंह ने चार लोगों की मौत की पुष्टि की है। उन्हाेंने बताया कि शनिवार सुबह उत्तर प्रदेश परिवहन निगम के मुरादाबाद डिपो की बस संख्या (यूपी 78 एलएन 7524) छजलैट की ओर से मुरादाबाद आ रही थी। ग्राम लदावली के पास सामने से गन्ने की खाली ट्रैक्टर-ट्रॉली आ रही थी। इसी दौरान दोनों वाहनों की आमने-सामने की टक्कर हो गई।

ट्रैक्टर-ट्रॉली से बस की चालक साइड टकराने के कारण बस में सवार कई यात्री घायल हो गए। हादसे में छजलैट के ग्राम सद्दूपुरा निवासी जॉनसन मसीह की पत्नी अर्चना (30) और उनके पांच वर्षीय बेटे सुशांत की मौके पर ही मौत हो गई। इनके अलावा बिजनाैर निवासी लोकेंद्र (50) और दीपा उर्फ दीपिका चौहान (30) ने भी दम तोड़ दिया। जॉनसन मसीह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची छजलैट पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। घायलाें काे अस्पताल पहुंचाया गया है।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया गया। हादसे की सूचना पर उपजिलाधिकारी मयंक कुंडू और क्षेत्राधिकारी कांठ अभिनव द्विवेदी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस अधीक्षक देहात ने बताया कि अन्य घायलों काे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल