मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह में 475 जोड़ों का हुआ विवाह

 


--प्रभारी मंत्री ने सरकार के नौ वर्ष पूर्ण होने पर सरकार की उपलब्धियों को गिनाया

हमीरपुर, 18 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में उत्तर प्रदेश सरकार के 9 वर्षों की अभूतपूर्व उपलब्धियों से जनसामान्य को अवगत कराने व मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत राजकीय महाविद्यालय कुछेछा में बुधवार को आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में 475 नव विवाहित जोड़ों को प्रभारी मंत्री मुख्य अतिथि रामकेश निषाद ने आशीर्वाद प्रदान किया। इसके साथ ही उन्होंने सरकार की उपलब्धियों में बारे में जानकारी दी।

प्रभारी मंत्री ने नव विवाहित जोड़ों के अग्रिम जीवन की मंगल कामनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि आज का दिन अभूतपूर्व है, जो हम सभी को एक साथ 475 नव विवाहित जोड़ों को आशीर्वाद प्रदान करने का पुण्य प्राप्त हुआ है। आज ही उत्तर प्रदेश सरकार के अभूतपूर्व 9 वर्ष पूर्ण हो रहे हैं। विगत 9 वर्षों में हमारी सरकार ने कई ऐसे कार्य किए हैं जो ऐतिहासिक हैं। इन 9 वर्षों में सरकार द्वारा समाज के प्रत्येक तबके का ध्यान रखा गया है। आगे भी हमारी सरकार ्सबका साथ और सबका विकास के महामंत्र को लेकर कार्य करती रहेगी। उन्होंने बताया कि जनपद में 1534.73 करोड़ की लागत से 60.69 किमी बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे तथा 1012.23 करोड़ की लागत से 807 प्रमुख मार्गों पर 2194.28 किमी लम्बाई की सड़कों का निर्माण व अनुरक्षण कराया गया है। विगत 9 वर्षों में रु 717.236 करोड़ की धनराशि 213125 किसानों में किसान सम्मान निधि के रूप में वितरित की गई है।

302.76 करोड़ की लागत से जनपद में बाईपास निर्माण के अंतर्गत यमुना नदी व बेतवा नदी सेतु एवं रोहन नाले का निर्माण कराया जा रहा है। इसके साथ ही जिले से निराश्रित विधवा पेंशन के 18000 एवं वृद्धावस्था पेंशन के 53593 लाभार्थियों को लाभान्वित किया जा रहा है। जनपद में 24398 पीएम आवास ग्रामीण, 13136 पीएम आवास शहरी एवं 2815 सीएम आवास पूर्ण कराए गए हैं। कहा कि हमारी सरकार युवाओं, महिलाओं और किसानों के विकास के लिए कार्य कर रही है। इस मौके पर सदर विधायक डॉ.मनोज प्रजापति, राठ विधायक राठ मनीषा अनुरागी, सांसद प्रतिनिधि अशोक तिवारी, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि लाला राम निषाद, सीडीओ अरुण कुमार सिंह, एडीएम वित्त एवं राजस्व राकेश कुमार, डीडीओ राघवेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा