खरीफ की फसलों की बंटेगी 4577 मिनी किट
हमीरपुर, 24 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में शासन ने किसानों को मुफ्त खरीफ की फसलों का बीज मुहैया कराने के लिए मूंगफली, तिल, अरहर, सांवा, कोदों, रागी, बजारा की 4577 मिनी किट उपलब्ध कराई है। इसका वितरण गुरुवार से किसानों के मध्य कराया जाएगा। इसके अलावा खरीफ की फसलों का बीज बिक्री के लिए बीज गोदाम में उपलब्ध हुआ है। इसमें तिल के बीज में 40 फीसदी तथा अन्य बीज में 50 फ़ीसदी अनुदान दिया जाएगा।
राजकीय बीज गोदाम सुमेरपुर के प्रभारी राहुल कमल ने बुधवार को बताया कि शासन ने उरद, मूंग, तिल,अरहर, सांवा, कोदो, रागी, बाजरा के बीच की 4577 मिनी किट निशुल्क बीज के रूप में उपलब्ध कराई जाएगी। एक किट में दो किलो बीज दिया गया है। इसका वितरण गुरुवार से किसानों के मध्य किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इसके अलावा तिल 74 क्विंटल, उड़द 1440 क्विंटल, मूंग 20, अरहर 1960, मूंगफली 160, ढेंचा 13.20, धान 15, बाजरा 1.60 क्विंटल, सांवा आठ किलो, कोदों 30 किलो बीज बिक्री के लिए उपलब्ध हुआ है। इसमें तिल के बीज में 40 फीसदी अनुदान देय है। जबकि अन्य में 48 से 50 फ़ीसदी अनुदान देय है। उन्होंने बताया कि अभी मानसून की देरी के कारण बीज लेने किसान कम आ रहे हैं। जैसे ही मानसून की दस्तक होगी। किसान बीज लेने के लिए पहुंचने लगेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा