मुरादाबाद में नारी स्वावलंबन की नई गाथा, 43,348 महिलाएं बनीं 'लखपति दीदी'
- दीनदयाल अंत्योदय योजना-राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन को योगी सरकार के विजन से मिली रफ्तार
मुरादाबाद, 18 नवंबर (हि.स.)। योगी सरकार के महिला सशक्तीकरण और ग्राम्य स्वावलंबन के संकल्प ने मुरादाबाद जनपद में ग्रामीण महिलाओं की सामाजिक और आर्थिक तस्वीर बदल दी है। जनपद में इस अभियान के अंतर्गत चरणबद्ध तरीके से 61,838 संभावित लखपति दीदियों का चिन्हांकन किया गया, जिसके पश्चात 56,367 लखपति दीदियों का डिजिटल आजीविका रजिस्टर भरा गया। इस व्यापक कवायद के परिणामस्वरूप जनपद में 43,348 दीदियों की वार्षिक आय एक लाख रुपये से अधिक पाई गई है, जो आज अपने परिवारों की आर्थिक उन्नति का आधार बन चुकी हैं।
दीनदयाल अंत्योदय योजना-राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (डे-एनआरएलएम) के अंतर्गत जनपद में योजना के आरम्भ से अब तक 14 हजार 118 स्वयं सहायता समूहों का गठन कर 1,53,609 परिवारों को आच्छादित किया जा चुका है। शासन की मंशानुरूप महिलाओं को स्वरोजगार और समूह संचालन से जोड़ने के लिए स्टार्टअप फंड, रिवाल्विंग फंड व सामुदायिक निवेश निधि के रूप में कुल 104 करोड़ 29 लाख 31 हजार रुपये की धनराशि से लाभान्वित किया गया है, जबकि बैंकों से कैश क्रेडिट लिमिट (सीसीएल) के तहत 61 करोड़ 39 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत कर 44 करोड़ 26 लाख रुपये सीधे समूहों के खातों में वितरित किए जा चुके हैं। इस प्रकार निधि और वितरित बैंक ऋण को मिलाकर कुल 148 करोड़ 55 लाख 31 हजार रुपये की धनराशि समूहों तक पहुंच चुकी है, जिसके बल पर आज ग्रामीण महिलाएं राशन की दुकानों से लेकर मिनी बैंक और प्रेरणा कैंटीन तक का सफल संचालन कर रही हैं।
दोगुना हुआ रिवाल्विंग फंड और डेढ़ लाख पहुंचा सीआईएफ, स्टार्टअप से मिली शुरुआती मजबूती
समूहों को शुरुआती संसाधनों से लैस करने के लिए मिशन के अंतर्गत 6,386 समूहों को 2,500 रुपये प्रति समूह की दर से कुल 1 करोड़ 59 लाख 65 हजार रुपये की स्टार्टअप फंड धनराशि से लाभान्वित किया गया है, जिससे समूह के बुक्स ऑफ रिकॉर्ड, दरी, चादर एवं संदूक इत्यादि क्रय किए जाते हैं। समूहों में आंतरिक लेनदेन और सुचारू संचालन के लिए 8,435 समूहों को 14 करोड़ 1 लाख 81 हजार रुपये के रिवाल्विंग फंड (आरएफ) से लाभान्वित किया गया है।
स्वतः रोजगार, डे-एनआरएलएम, मुरादाबाद के उपायुक्त आरपी भगत ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन और शासन की प्राथमिकता के तहत उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन मुरादाबाद की ग्रामीण महिलाओं के जीवन में बड़ा आर्थिक बदलाव ला रहा है। जनपद में 14,118 समूहों से जुड़े 1,53,609 परिवारों को सरकारी निधियों और सुगम बैंक ऋण से जोड़कर स्वरोजगार के प्रति सशक्त किया गया है। आज 43,348 लखपति दीदियां और विभिन्न कैडर की सखियां आत्मनिर्भरता की मिसाल बन रही हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल