लखनऊ : दूसरी उड़ान में 430 हज यात्रियों का हुआ प्रस्थान

 

लखनऊ, 23 अप्रैल (हि.स.)। हज-2026 के अंतर्गत हज यात्रियों के प्रस्थान का क्रम सुचारु रूप से जारी है। इसी क्रम में लखनऊ उड़ान स्थल से दूसरी उड़ान संख्या एक्स0वाई0-8044 गुरूवार को रवाना हुई, जिसमें कुल 430 हज यात्री सऊदी अरब के लिए प्रस्थान किये। इन यात्रियों में 222 पुरुष एवं 208 महिलाएं शामिल हैं।

इस उड़ान में प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में हज यात्री सम्मिलित हुए, जिनमें सर्वाधिक वाराणसी से 74, लखनऊ से 58, कानपुर नगर से 53 तथा बहराइच से 42 यात्री शामिल हैं। इसके अतिरिक्त बिहार राज्य के 06 हज यात्री भी इसी उड़ान से रवाना हुए। हज यात्रियों की यात्रा को सुगम एवं सुरक्षित बनाने के लिए प्रशासन द्वारा विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। यात्रियों की सहायता हेतु तीन स्टेट हज इंस्पेक्टर-ज़हीरुल इस्लाम (कानपुर नगर), मेराज रसूल (लखनऊ) एवं मेराजुल इस्लाम (मऊ)-को इस उड़ान के साथ भेजा गया है।

इसी दिन, दिल्ली उड़ान स्थल से भी सऊदी एयरलाइंस की उड़ान संख्या एस0वी0- 5901 के माध्यम से 253 हज यात्री मदीना के लिए रवाना हुए, जिनमें 135 पुरुष एवं 118 महिलाएं शामिल हैं। दिल्ली से रवाना होने वाले यात्रियों में मुरादाबाद के 54, गाजियाबाद के 31 तथा हापुड़ के 25 यात्री प्रमुख रूप से शामिल हैं। इन यात्रियों की सहायता के लिए स्टेट हज इंस्पेक्टर दानिश (सम्भल) को तैनात किया गया है।

अब तक उत्तर प्रदेश से हज-2026 के अंतर्गत दिल्ली से 2768 तथा मुंबई से 52 हज यात्री सऊदी अरब के लिए प्रस्थान कर चुके हैं। यात्रियों की सुविधा सुनिश्चित करने हेतु कुल 25 स्टेट हज इंस्पेक्टर तैनात किए जा चुके हैं।

प्रदेश सरकार द्वारा हज यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने एवं उनकी यात्रा को सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे सभी श्रद्धालु अपनी पवित्र यात्रा सुगमता से पूर्ण कर सकें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. जितेन्‍द्र पाण्डेय