सड़क हादसे में 40 वर्षीय व्यक्ति और पांच वर्षीय बच्ची की मौत, महिला घायल
नोएडा, 20 मई (हि.स.)। थाना दादरी क्षेत्र के दादरी बाईपास के पास बुधवार शाम को हुए एक सड़क हादसे में एक व्यक्ति और 05 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई, जबकि महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस घटना के चलते मौके पर काफी देर तक जाम लगा रहा। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया।
पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह के मीडिया प्रभारी विजय गुप्ता ने बताया कि बुलंदशहर के रहने वाले शहजाद (40) बुधवार की शाम को मोटरसाइकिल पर एक महिला और एक 05 वर्षीय बच्ची को बैठाकर गाजियाबाद से बुलंदशहर की तरफ जा रहे थे। दादरी बाईपास के पास एक अज्ञात वाहन चालक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दिया। उन्होंने बताया कि इस घटना में शहजाद और 05 वर्षीय बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। महिला को उपचार के लिए ग्रेटर नोएडा के यथार्थ अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को पता चला है कि शहजाद और मृतक बच्ची के बीच चाचा भतीजी का रिश्ता है। घायल महिला मृतक शहजाद की भाभी बताई जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मृतक के परिजनों से संपर्क कर पूरी जानकारी हासिल की जा रही है। वहीं इस घटना के बाद काफी देर तक सड़क पर जाम लग गया। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया, तथा यातायात को सुचारू रूप से चालू किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी