सोमवती अमावस्या मेले के अवसर पर चलेंगी चार स्पेशल अनारक्षित रेल गाड़ियां

 


मुरादाबाद, 14 जून (हि.स.)। उत्तर रेलवे के मुरादाबाद रेल मंडल में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने रविवार को बताया कि सोमवती अमावस्या मेले के दौरान हरिद्वार आने-जाने वाले श्रद्धालुओं की अतिरिक्त भीड़ को ध्यान में रखते हुए सुगम आवागमन हेतु चार स्पेशल अनारक्षित रेलगाड़ियों का संचालन किया गया।

सीनियर डीसीएम महेश यादव ने आगे बताया कि गाड़ी संख्या 04326 हरिद्वार-लखनऊ स्पेशल (अनारक्षित) 15, 16 व 17 जून को संचालन होगा। यह ट्रेन हरिद्वार से 18ः35 बजे चलेगी। इसके बाद लक्सर, नजीबाबाद जंक्शन, नगीना, धामपुर, स्योहारा, कांठ, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, शाहजहांपुर, हरदोई, बालामऊ जंक्शन पर ठहराव लेते हुए अगले दिन दोपहर 3 बजकर 30 मिनट पर लखनऊ पहुंचेगी

रेलगाड़ी संख्या 04325 लखनऊ-हरिद्वार स्पेशल (अनारक्षित) 16, 17 व 18 जून को चलेगी। यह ट्रेन लखनऊ से सुबह 5 बजकर 30 मिनट पर चलेगी और वापसी में उपरोक्त सभी स्टेशनों पर ठहराव लेते हुए शाम 4 बजकर 15 मिनट पर हरिद्वार पहुंचेगी।

रेलगाड़ी संख्या 04327 हरिद्वार-बठिंडा स्पेशल (अनारक्षित) 15 जून को हरिद्वार से चलेगी और एक फेरा लगाएगी। यह ट्रेन हरिद्वार से दोहपर 1 बजे प्रस्थान करेगी इसके बाद रूड़की, सहारनपुर जक्शंन, यमुनानगर जगाधरी, जगाधरी वर्कशॉप, मुस्तफाबाद, बराड़ा, अम्बाला छावनी, अम्बाला सिटी, राजपुरा जंक्शंन, पटियाला, नाभा, धूरी जंक्शन, बरनाला, तपा, रामपुरा फूल, भुच्चू स्टेशनों पर ठहराव लेते हुए रात्रि 8 बजकर 55 मिनट पर बठिंडा पहुंचेंगी। वहीं रेलगाड़ी संख्या 04328 बठिंडा-हरिद्वार स्पेशल (अनारक्षित) 16 जून को बठिंडा से चलेगी और केवल एक फेरा लगाएगी। यह ट्रेन बठिंडा से रात्रि 12 बजकर 40 मिनट पर चलेगी। यह टेªन वापिसी में उपरोक्त सभी स्टेशनों पर ठहराव लेते हुए सुबह 8 बजकर 40 मिनट पर हरिद्वार पहुंचेगी।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने यात्रियों से निवेदन किया है कि यात्रा से पूर्व गाड़ी के समय एवं परिचालन संबंधी नवीनतम जानकारी एवं यात्रा के दौरान रेल संबंधी आवश्यक सहायता हेतु रेल वन ऐप, रेलवे हेल्पलाइन 139, एनटीईएस व निकटतम रेलवे स्टेशन से संपर्क कर सकते हैं ।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल