सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत
सहारनपुर, 13 जून (हि.स.)। सहारनपुर में एक परिवार के 4 लोगों की सड़क हादसे में मौत हो गई। परिवार एक बाइक पर सवार था तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि बाइक सवार चारों लोग सड़क से 10 फीट दूर नीचे गड्ढे में जा गिरे। कार भी पलटी खाते हुए नीचे जा गिरी।
आसपास के लोग चारों घायलों को अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसा शनिवार दोपहर 12:00 बजे बेहट थानाक्षेत्र के गांव धौलाकुआं के पास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार नाबालिग चला रहा था। पुलिस गाड़ी नंबर से इस दावे की जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, हादसे में मलकपुर निवासी लविश उर्फ फग्गू (26), उसकी मां राजदुलारी (55), बहन अंजना उर्फ तन्नु (20) और तीन साल की बेटी रूही की मौत हो गई।
मृतक लविश के चाचा अंकित ने बताया कि लविश, उसकी मां, बहन और बेटी रूही के साथ कोठड़ी स्थित ससुराल गया था। वहां से बाइक पर अपने गांव मलकपुर लौट रहा था जब यह हादसा हुआ। लविश मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। वह तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था।
लविश की शादी 2022 में हुई थी। घर पर उसकी गर्भवती पत्नी और एक 2 साल का छोटा बेटा है। हादसे में जान गंवाने वाली रूही बड़ी बेटी थी।
पुलिस जांच में सामने आया है कि कार कोठड़ी बहलोलपुर में रहने वाले ताहिर का नाबालिग बेटा चला रहा था। हादसे के बाद वह मौके से फरार हो गया। पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है। वाहन ताहिर के नाम पर रजिस्टर्ड बताई जा रही है। मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई और जांच में जुटी है।
हिन्दुस्थान समाचार / MOHAN TYAGI