गेहूं के खेत में भीषण आग की लपटें, 4 बीघा गेहूं जलकर राख
मुरादाबाद, 07 अप्रैल (हि.स.)। मुरादाबाद के थाना डिलारी क्षेत्र के गांव धींगरपुर मूलावान में उस समय हड़कम्प मच गया, जब अचानक गेहूं के खेत में भीषण आग लग गई। आग लगने से 4 बीघा गेहूं जलकर राख हो गया।
मंगलवार को थाना डिलारी के गांव धींगरपुर मुलावान में करीब 8 बीघा खेत में खड़ी गेहूं की फसल आग की चपेट में आ गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं, कि देखते ही देखते करीब 4 बीघा गेहूं जलकर राख हो गया। घटना की जानकारी होते ही ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और सभी ने मिलकर आग बुझाने का प्रयास किया। कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक किसान को काफी नुकसान हो चुका था।
एसडीएम ठाकुरद्वारा ने बताया कि गांव धींगरपुर मुलावान में 4 बीघा खेत में फसल जलने की जानकारी प्राप्त हुई है, पीड़ित किसान को फसल बीमा योजना के तहत मुआवजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल