रामपुर में मनरेगा की तीन फर्मों ने की जीएसटी चोरी

 


मुरादाबाद, 19 सितम्बर (हि.स.)। राज्य कर विभाग ने रामपुर जिले में मनरेगा की तीन फर्मों की जांच के दौरान एक करोड़ से अधिक की जीएसटी चोरी पकड़ी है। इस मामले में फर्म मालिकों ने 30 लाख रुपये तत्काल जमा कर दिया। बाकी भुगतान शीघ्र करने का वादा किया।

राज्य कर के अपर आयुक्त ग्रेड-दाे आरए सेठ ने शनिवार को बताया कि रामपुर जिले में मनरेगा का सामान सप्लाई करने वाली तीन फर्मों और बिजनौर जिले की एक फर्म के खिलाफ शिकायत मिली थी। आरोप था कि चारों फर्मों ने जीएसटी जमा किए बगैर सामान सप्लाई की हैं। इस मामले में रामपुर जिले की तीनों फर्मों की जांच के लिए राज्य कर अधिकारियों की एक टीम भेजी गई। टीम ने जांच के दौरान पाया कि तीनों फर्मों ने 1.25 करोड़ की जीएसटी चोरी की है। विभाग ने सामान की सप्लाई की पुष्टि कर दी। जीएसटी चोरी पकड़ी जाने पर फर्म स्वामियों ने तत्काल 30 लाख रुपये विभाग में जमा कर दिया। शेष रकम शीघ्र देने की बात कही है। ----------------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल