मुरादाबाद : सफाईकर्मियों के वेतन घपले की जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी गठित
मुरादाबाद, 27 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जनपद में संयुक्त विकास आयुक्त ने जिले के 60 सफाईकर्मियों के वेतन में हुए घपले को गंभीरता से लिया है। उन्होंने इस मामले में जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी (समिति) गठित की है। कमेटी काे एक सप्ताह में अपनी जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करनी है।
उत्तर प्रदेश पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष राजपाल सिंह ने मुरादाबाद मंडल के मंडलायुक्त आंजनेय कुमार सिंह को एक शिकायती पत्र दिया था। आरोप लगाया था कि विकासखंड छजलैट के 60 सफाईकमियों का वर्ष 2009-10,2010-11 का दो माह का वेतन अभी तक नहीं मिला है।
मंडलायुक्त ने इस मामले की जांच कराने के लिए पत्र संयुक्त आयुक्त विकास विनय कुमार तिवारी को कार्रवाई के लिए भेज दिया। इस मामले में उपनिदेशक (पंचायत) स्तर से भी पत्र भेजे गए लेकिन तीन माह से अधिक की अवधि व्यतीत हो जाने के बाद कोई कार्यवाही नहीं की गई। इस मामले में संयुक्त आयुक्त ने जांच के लिए कमेटी गठित कर दी है। कमेटी में कार्यालय के सहायक लेखाधिकारी डॉ. जयपाल सिंह (अध्यक्ष), लेखा परीक्षक अजय कुमार, लेखाकार बाबू अहमद शामिल हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल