महोबा : गायत्री मंदिर में गूंजे वेद मंत्र, 24 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ में भक्तों ने विश्व शांति के लिए दी आहुतियां
महोबा, 19 अक्टूबर (हि.स.)। यूपी के महोबा जनपद मुख्यालय स्थित गायत्री शक्तिपीठ मंदिर में सोमवार को नवमी के पर्व पर 24 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ का भव्य आयोजन विधि विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुआ। सुबह से ही मंदिर परिसर गायत्री महामंत्र की गूंज से गुंजायमान रहा। हवन के उपरांत भारी संख्या में भक्तों ने भंडारा में प्रसाद छका।
यज्ञ का शुभारंभ यज्ञाचार्य हरिशरण मिश्रा एवं नरोत्तम रावत द्वारा विधि विधान से पूजन अर्चन कर किया गया। 24 कुण्डों पर बैठे यजमानों ने अग्नि में आहुतियां देकर विश्व कल्याण, राष्ट्र की सुख समृद्धि और जनपद में शांति व्यवस्था के लिए प्रार्थना की। इस दौरान वातावरण पूरी तरह से भक्तिमय बना रहा। माता रानी के भक्त हर्षोल्लास एवं श्रद्धा भक्तिभाव के साथ धार्मिक अनुष्ठान में लगे रहे।
गायत्री मंदिर के व्यवस्थापक पंडित राम अवतार तिवारी ने बताया कि नवरात्र की नवमी को 24 कुण्डीय यज्ञ संपन्न होता है। गायत्री महायज्ञ का उद्देश्य जन-जन में सद्बुद्धि, नैतिकता और सनातन संस्कृति के प्रति जागरूकता पैदा करना है। यज्ञ के माध्यम से वातावरण शुद्धि और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
पूर्णाहुति के बाद भक्तों ने भक्तिभाव से मां की आराधना कर प्रसाद ग्रहण किया।
इस दौरान गायत्री परिवार के सुखलाल गुप्ता, राघव तिवारी, नरेश कुमार, संदीप गुप्ता, सुनील गुप्ता, आदित्य मिश्रा, राजाबाबू तिवारी, मिहीलाल सहित गायत्री परिवार के सैकड़ों कार्यकर्ता और भारी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी