योगी सरकार में उत्कृष्ट कार्य का सम्मान, 41 को मिला प्रशस्ति पत्र

 




गोरखपुर, 30 मार्च (हि.स.)। योगी सरकार ने बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग से जुड़े कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और मुख्य सेविकाओं को सम्मानित किया गया है। सोमवार को गोरखपुर की 21 मुख्य सेविकाओं और 20 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को प्रशस्ति पत्र देकर उनके कार्यों को सराहा गया। अवसर था मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लखनऊ से आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरण, स्मार्टफोन वितरण, वजन मशीनों का वितरण एवं आंगनवाड़ी केंद्र भवनों एवं बाल विकास परियोजना कार्यालय भवनों के लोकार्पण-शिलान्यास कार्यक्रम का। इसका सजीव प्रसारण गोरखपुर के विकास भवन सभागार में किया गया। इस अवसर पर जिले में सत्रह परियोजनाओं के 43 आंगनबाड़ी केंद्रों का लोकार्पण और सहजनवा ब्लॉक से चयनित 3 मॉडल आंगनबाड़ी भवन का शिलान्यास भी किया गया।

विकास भवन में कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, मुख्य विकास अधिकारी शाश्वत त्रिपुरारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अभिनव मिश्रा एवं जिला युवा कल्याण अधिकारी अमित सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर महापौर ने दो बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार एवं दो गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की।

महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में सुपोषित उत्तर प्रदेश का संकल्प तेजी से सरकार हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार न सिर्फ समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए कार्य कर रही है बल्कि शासकीय कार्यक्रमों में बेहतरीन योगदान देने वाले कार्मिकों को सम्मानित कर उनका मनोबल भी बढ़ा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय