औरैया में चार फीट पानी में फंसे 20 लोग, राशन खत्म होने से बढ़ा संकट

 


औरैया, 02 सितंबर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में कंचौसी क्षेत्र में हुई मूसलाधार बारिश के बाद कंचौसी और आसपास के गांवों के निचले इलाकों में जलभराव से बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। ढिकियापुर की नई बस्ती में ब्रजेश बॉथम और उनके दो भाइयों के परिवार के करीब 20 लोग सप्ताह भर से घरों के आसपास भरे करीब चार फीट पानी में फंसे हैं। घर में रखा राशन और सब्जियां खत्म होने से परिवारों के सामने खाने-पीने का संकट खड़ा हो गया है।

ग्रामीणों का आरोप है कि जलभराव की जानकारी होने के बावजूद ब्लॉक और तहसील प्रशासन की ओर से अब तक राहत सामग्री या जल निकासी की कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई। पीड़ित ब्रजेश बॉथम ने बताया कि बीडीओ सहार पंचायत सचिवालय तक आए थे, लेकिन उनसे मिले बिना ही वापस लौट गए। इसके बाद भी न तो पानी निकासी की व्यवस्था हुई और न ही खाद्यान्न उपलब्ध कराया गया। क्षेत्र में सैकड़ों एकड़ धान की फसल पानी में डूबने से खराब हो रही है। कई रास्ते भी जलमग्न हैं, जिससे ग्रामीणों का आवागमन प्रभावित है। बीडीओ सहार राजनारायण पांडेय ने बताया कि जल्द ही पीड़ित परिवारों को राशन उपलब्ध कराया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार