झारसुगुड़ा के रीमॉडलिंग कार्य के कारण मुरादाबाद रेल मंडल में संचालित दो रेलगाड़ियां परिवर्तित मार्ग से चलेंगी
मुरादाबाद, 14 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में चक्रधरपुर रेल मंडल (दक्षिण पूर्व रेलवे ) के झारसुगुड़ा के रीमॉडलिंग कार्य के कारण नवम्बर व दिसंबर 2026 में मुरादाबाद रेल मंडल में संचालित दो रेलगाड़ियां परिवर्तित मार्ग से चलेंगी।
उत्तर रेलवे के मुरादाबाद रेल मंडल में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने बुधवार को बताया कि दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल के अंतर्गत झारसुगुड़ा में यार्ड रीमॉडलिंग कार्य के संबंध में 18 दिवसीय प्री-नॉन इंटरलॉकिंग कार्य 27 नवंबर से 14 दिसंबर तक तथा 15 दिसंबर को नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य और 16 दिसंबर से 17 दिसंबर तक 2 दिवसीय पोस्ट-नॉन इंटरलॉकिंग कार्य निर्धारित किया गया है। उक्त कार्य के कारण मुरादाबाद मंडल से संबंधित दो गाड़ियों का मार्ग परिवर्तन किया जाएगा।
सीनियर डीसीएम ने आगे बताया कि योगनगरी ऋषिकेश–पुरी उत्कल एक्सप्रेस (18478) जेसीओ 28 नवंबर, 5 दिसंबर तथा 07 दिसंबर से 14 दिसंबर 2026 तक परिवर्तित मार्ग इब–झारसुगुड़ा रोड–संबलपुर–अंगुल–कटक से होकर चलेगी। इसका निर्धारित मार्ग इब–झारसुगुड़ा–राउरकेला–टाटानगर–हिजली–भद्रक–कटक है।
पुरी–योग नगरी ऋषिकेश उत्कल एक्सप्रेस (18477) 6 दिसंबर से 15 दिसंबर 2026 तक परिवर्तित मार्ग कटक–अंगुल–संबलपुर–झारसुगुड़ा रोड–इब - मार्ग से चलेगी। इसका निर्धारित मार्ग कटक–भद्रक–हिजली–टाटानगर–राउरकेला–झारसुगुड़ा–इब है।
उन्होंने यात्रियों से अनुरोध किया कि यात्रा प्रारंभ करने से पूर्व अपनी ट्रेन की स्थिति एवं निर्धारित मार्ग की जानकारी रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, रेलवे पूछताछ सेवा 139 अथवा संबंधित रेलवे स्टेशन से अवश्य प्राप्त कर लें।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल