झांसी में करंट लगने से दो किसानों की मौत
साथी को बचाने गया युवक भी चपेट में आया
झांसी, 30 जुलाई (हि.स.)। झांसी जिले के चिरगांव थाना क्षेत्र में धान की फसल में पानी लगाते समय करंट लगने से दो किसानों की मौत हो गई। दोनों साझेदारी में खेती करते थे। खेत में मोटर चलाने के लिए बिजली का तार जोड़ते समय पहले एक किसान करंट की चपेट में आ गया। उसे बचाने दौड़ा उसका साथी भी बिजली की चपेट में आ गया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। बुधवार की देर रात जब दोनों घर नहीं लौटे तो परिजन खेत पहुंचे, जहां दोनों के शव पड़े मिले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा भरकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
यह हादसा जिला मुख्यालय से करीब 40 किलोमीटर दूर चिरगांव थाना क्षेत्र के जरयाई गांव में हुआ। मृतकों की पहचान बिराठा गांव निवासी कल्लू पाल (52) पुत्र रामदास और बृजेश दांगी (25) पुत्र मोहन सिंह के रूप में हुई है। दोनों ने साझेदारी में जरयाई गांव में 14 बीघा खेत बटाई पर लेकर धान की खेती की थी।
मृतक कल्लू पाल के भतीजे राममिलन पाल ने बताया कि बुधवार काे दोनों किसान खेत पर धान की फसल में पानी लगाने गए थे। मोटर चलाने के लिए ट्रांसफार्मर से खेत तक बिजली का तार बिछाया गया था। इसी दौरान मोटर का तार जोड़ते समय कल्लू पाल करंट की चपेट में आ गए। उन्हें तड़पता देख बृजेश दांगी बचाने के लिए दौड़े, लेकिन जैसे ही उन्होंने बिजली का तार हटाने का प्रयास किया, वह भी तेज करंट की चपेट में आ गए। दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
बृजेश के चचेरे भाई राजा दांगी ने बताया कि रात करीब आठ बजे तक दोनों किसान घर नहीं लौटे तो परिजनों ने फोन किया, लेकिन किसी ने कॉल रिसीव नहीं की। देर रात करीब एक बजे परिजन खेत पहुंचे तो दोनों के शव खेत में लगभग आठ से दस फीट की दूरी पर पड़े मिले। दोनों के हाथों में बिजली के तार लिपटे हुए थे। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस दोनों को चिरगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस हादसे ने दो परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। बृजेश दांगी अपने माता-पिता की इकलौते संतान थे। उनके पिता की पांच वर्ष पहले और मां की दस वर्ष पहले सांप के काटने से मौत हो चुकी थी। डेढ़ साल पहले उनकी शादी सुहानी से हुई थी और उनका पांच माह का बेटा हृयांश है। परिवार की आजीविका की पूरी जिम्मेदारी उन्हीं पर थी।
वहीं, कल्लू पाल अपने पीछे पत्नी लक्ष्मी, दो विवाहित बेटियां रोहिणी और ज्योति तथा एक विवाहित पुत्र राहुल को छोड़ गए हैं।
चिरगांव थाना प्रभारी राहुल राठौर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मोटर का बिजली तार जोड़ते समय करंट लगने से दोनों किसानों की मौत होना सामने आया है। शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया