सहारनपुर के मां शाकुम्भरी क्षेत्र में भारी बारिस से जेसीबी, ट्रैक्टर सहित दर्जनों वाहन बहे, दो की मौत

 






सहारनपुर, 29 मई (हि.स.)। सहारनपुर में गुरुवार देर रात आए तेज आंधी-तूफान, मूसलधार बारिश और ओलावृष्टि ने भारी तबाही मचा दी। मां शाकंभरी देवी क्षेत्र में हालात भयावह नजर आए। पहाड़ी इलाकों में हुई तेज बारिश के बाद नदी में अचानक पानी का तेज बहाव आ गया, जिसकी चपेट में 10-12 गाड़ियां बह गईं। देर रात तक प्रशासन और स्थानीय लोग राहत एवं बचाव कार्य में जुटे रहे।

सहारनपुर के मां शाकुम्भरी क्षेत्र मे कई बरसाती नदियां हैं। पहाड़ी इलाकों में हुई तेज बारिश के बाद बरसाती नदी और नालों में अचानक पानी का बहाव तेज हो गया। देखते ही देखते पानी सड़क तक पहुंच गया और वहां खड़े वाहन उसकी चपेट में आ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज बहाव में एक दर्जन से अधिक कारें और अन्य वाहन बह गए। सुबह तक लोग अपने वाहनों की तलाश में जुटे रहे।

इस हादसे मे पानी में बह जाने से दो लाेगाें की मौत की भी खबर है।

सावित्री देवी पत्नी चंद्रभान व एक अन्य पुरुष भी तेज बहाव की चपेट में आ गये, जिसकी जान नहीं बच सकी। दोनों घटनाओं के बाद क्षेत्र में दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों और प्रशासनिक टीमों ने देर रात तक राहत एवं बचाव अभियान चलाया, लेकिन दोनों को बचाया नहीं जा सका। बाद में शवों को बरामद कर लिया गया।

आंधी-तूफान के चलते कई स्थानों पर पेड़ और बिजली के खंभे भी क्षतिग्रस्त हो गए। मंदिर क्षेत्र और आसपास के रास्तों पर जलभराव की स्थिति बनी रही।

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।

प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान नदी-नालों और बरसाती रास्तों से दूर रहने की अपील की है। हालांकि अभी तक प्रशासन ने मौतों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

हिन्दुस्थान समाचार / MOHAN TYAGI