किशोर की संदिग्ध अवस्था मे मौत, दोस्तों पर हत्या का आरोप
नोएडा, 12 सितंबर (हि.स.)। थाना ईकोटेक- तीन क्षेत्र के कुलेसरा कॉलोनी में एक 17 वर्षीय किशोर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। उसके परिजनों ने आरोप लगाया है कि उसके दोस्तों ने उसकी पिटाई के बाद गला दबाकर हत्या की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह के मीडिया प्रभारी सुबोध कुमार ने शनिवार काे बताया कि कुलेसरा गांव स्थित श्री राम कॉलोनी में रंजीत कुमार अपने परिवार सहित रहते हैं। उनका बेटा सूरज (17) एक कंपनी में नौकरी करता था। शुक्रवार की शाम को सूरज का एक दोस्त और उसका भाई उसे घर से बुलाकर अपने मकान पर ले गए तथा मोबाइल चोरी का आरोप लगाया। इसके बाद उन्होंने अन्य दोस्तों को भी कमरे में बुला लिया। सूरज शनिवार को उसके दोस्त के घर में मूर्छित अवस्था मे मिला। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर डॉक्टरों ने उसको मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं मृतक सूरज के पिता ने आरोप लगाया है कि उसके दोस्तों ने मोबाइल चोरी के शक में उसकी पीट-पीटकर और गला दबाकर हत्या की है। मीडिया प्रभारी ने बताया कि पुलिस शव का पोस्टमार्टम करवा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारण का पता चलेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी