यमुना तट पर चला 167वां सफाई अभियान — कार्तिक पूर्णिमा स्नान को लेकर हुआ विशेष स्वच्छता कार्यक्रम

 




औरैया, 04 नवम्बर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के समाजसेवी संगठन एक विचित्र पहल सेवा समिति रजि. औरैया द्वारा स्वच्छता अभियान के तहत मंगलवार को यमुना तट पर 167वें चरण का सफाई अभियान चलाया गया। कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व को दृष्टिगत रखते हुए समिति के सदस्यों ने प्रातः 7 बजे से सफाई यंत्रों की मदद से स्नान स्थल, प्रतीक्षालय और आसपास के क्षेत्रों से पॉलीथिन, प्लास्टिक, कचरा एवं अपशिष्ट को एकत्रित कर नष्ट किया। इस पहल से श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण में स्नान करने की सुविधा मिलेगी।

समिति के अध्यक्ष राजीव पोरवाल (रानू) ने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा पर औरैया शहर व आसपास के क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालु यमुना नदी में स्नान करने आते हैं। समिति लगातार धार्मिक स्थलों, श्मशान घाटों और पवित्र स्थलों पर स्वच्छता अभियान चला रही है ताकि आमजन में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़े।

संस्थापक आनन्द नाथ गुप्ता एडवोकेट ने कहा कि कार्तिक पूर्णिमा का स्नान गंगा व यमुना नदी में अत्यंत पवित्र माना गया है। इस दिन स्नान से आत्मशुद्धि और ईश्वरीय कृपा प्राप्त होती है। भगवान विष्णु, मां लक्ष्मी और भगवान शिव की पूजा से जीवन में नई ऊर्जा और शांति का संचार होता है।

अभियान के समापन पर सभी सेवादारों ने यमुना तट को पॉलीथिन और प्लास्टिक मुक्त रखने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में गंगा समग्र जिलाध्यक्ष मनोज कुमार गुप्ता एडवोकेट, अनुराग गुप्ता, राहुल सेंगर, एल.एन. गुप्ता, राकेश तिवारी, सुनील बाल्मीक, सुधीर कुमार, रविंद्र चतुर्वेदी, अनुज गुप्ता, हिमांशु दुबे, सतीश पोरवाल, रज्जन वाल्मीक आदि सेवादार उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार