प्रयागराज मंडल में अनावश्यक अलार्म चेन पुलिंग में जनवरी से मई तक 1563 लोग गिरफ्तार

 


प्रयागराज, 02 जून (हि.स)। प्रयागराज मंडल में ट्रेनों के सुचारू संचालन एवं यात्री सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए अनावश्यक अलार्म चेन पुलिंग की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस वर्ष 01 जनवरी से 31 मई तक कुल 1563 लोगों को अनावश्यक अलार्म चेन पुलिंग के विरुद्ध गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की गई।

यह जानकारी जनसम्पर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने मंगलवार को दी उन्होंने बताया कि अनावश्यक चेन पुलिंग न केवल गाड़ियों की समयबद्धता को प्रभावित करती है बल्कि यात्रियों की सुरक्षा को भी गंभीर रूप से खतरे में डालती है। इसी कारण यह अभियान प्रयागराज मंडल में चलता रहता है।

उन्होंने बताया कि जनवरी में 274 लोग गिरफ्तार, फरवरी में 244 गिरफ्तार, मार्च में 341 गिरफ्तार, अप्रैल में 318 गिरफ्तार एवं मई में 386 लोग गिरफ्तार हुए हैं। इनमें कानपुर सेंट्रल 232, टूंडला 163, इटावा 124, प्रयागराज जंक्शन 112, अलीगढ़ 112, नैनी 104, फतेहपुर 102, मिर्जापुर 88, फफूंद 86, प्रयागराज छिवकी 60, शिकोहाबाद 58, सूबेदारगंज 52, मानिकपुर 49, हाथरस 36, जीएमसी 35, चुनार 34, फ़िरोज़ाबाद 31, खुर्जा 26, दादरी 25, पनकी धाम 20 एवं कानपुर अनवरगंज 14 लोग हैं।

पीआरओ ने कहा कि रेल प्रशासन यात्रियों से अपील करता है कि यात्रा के दौरान अनावश्यक चेन पुलिंग से बचें। यह एक दंडनीय अपराध है, जिसमें जुर्माना एवं कारावास दोनों का प्रावधान है। इसके दुरुपयोग से यात्रियों को असुविधा होती है तथा ट्रेनों की समयबद्धता और सुरक्षा पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। रेल प्रशासन अनावश्यक चेन पुलिंग करने वालों के विरुद्ध निरंतर अभियान चला रहा है और पकड़े जाने पर सख्त कार्यवाही की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र