पूर्वांचल विश्वविद्यालय की 1,535 मेधावी छात्राओं को मिलेगी स्कूटी

 


जौनपुर, 01 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में स्थित वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय परिसर और जौनपुर-गाजीपुर के संबद्ध महाविद्यालयों में अध्ययनरत मेधावी छात्राओं को शासन की योजना के तहत स्कूटी मिलेगी। स्नातक अंतिम वर्ष में टॉप-पांच प्रतिशत के आधार पर चयनित 1,526 छात्र-छात्राओं के साथ कटऑफ पर समान अंक पाने वाले नौ विद्यार्थियों को भी पात्रता सूची में शामिल किया गया है। इस तरह कुल 1,535 विद्यार्थी योजना के दायरे में आए हैं।

विश्वविद्यालय परिसर समेत उससे संबद्ध 605 महाविद्यालयों में स्नातक अंतिम वर्ष की परीक्षा में कुल 30,552 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए थे। शासन द्वारा निर्धारित मानक के अनुसार, इनमें से टॉप-पांच प्रतिशत विद्यार्थियों का चयन किया गया है। अंतिम कटऑफ पर समान अंक होने के कारण नौ अतिरिक्त विद्यार्थियों को भी लाभार्थियों की सूची में शामिल किया गया है।

योजना के तहत मेधावी छात्राओं के अलावा निराश्रित, 80 प्रतिशत या उससे अधिक दिव्यांगता वाली छात्राओं और बलिदानियों की बेटियों को भी लाभ दिया जाएगा। निराश्रित श्रेणी में माता-पिता में से किसी एक के न होने की स्थिति को पात्रता के लिए मान्य किया जाएगा।

दिव्यांग छात्राओं को 80 प्रतिशत या उससे अधिक दिव्यांगता का प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करना होगा। वहीं, बलिदानियों की बेटियों को निर्धारित प्रमाण-पत्र के आधार पर योजना का लाभ मिलेगा। इस संबंध में मंगलवार को परीक्षा कुलसचिव डॉ. विनोद कुमार सिंह ने बताया कि विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से पात्र विद्यार्थियों का विवरण जुटाया जा रहा है। अब तक 32 महाविद्यालयों ने आवश्यक विवरण उपलब्ध करा दिया है। अन्य महाविद्यालयों से भी जल्द विवरण उपलब्ध कराने को कहा गया है।-------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव