मुरादाबाद में 15301 अभ्यर्थियों ने छोड़ी प्रारंभिक अर्हता परीक्षा
- पहली पाली में 7797 और दूसरी पाली में 7504 परीक्षार्थी रहे अनुपस्थित
- जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने आज रेलवे स्टेशन और बस अड्डा का किया निरीक्षण
मुरादाबाद, 25 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 के अंतर्गत जनपद में 52 परीक्षा केंद्रों पर रविवार को दो पालियों में शांतिपूर्ण संपन्न हुई। इस दाैरान 15301 अभ्यर्थियों ने प्रारंभिक अर्हता परीक्षा छोड़ दी। पहली पाली में 7797 और दूसरी पाली में 7504 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। अभ्यर्थियों के आवागमन को लेकर जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने रेलवे स्टेशन और बस अड्डा का निरीक्षण किया। यह परीक्षा 30 अक्टूबर एवं एक नवंबर को भी जनपद में आयोजित होगी।
प्रारंभिक अर्हता परीक्षा -2026 मुरादाबाद में 52 परीक्षा केंद्रों पर रविवार को दो पालियों में शांतिपूर्ण संपन्न हुई। दोनों पालियों में कुल 46704 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। पहली पाली में 23352 परीक्षार्थी पंजीकृत थे जिसमें से 15555 उपस्थित रहे और 7797 ने परीक्षा छोड़ दी। वहीं, दूसरी पाली में भी 23352 परीक्षार्थी पंजीकृत थे जिसमें से 15848 उपस्थित रहे और 7504 ने परीक्षा छोड़ दी।
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित की जा रही प्रारंभिक अर्हता परीक्षा के प्रथम दिवस रविवार को प्रथम व द्वितीय पाली की परीक्षा सुचितापूर्ण माहौल में संपन्न हुई। अभ्यर्थियों के आवागमन को सुलभ बनाने के दृष्टिगत जिलाधिकारी अनुनय झा ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल के साथ रेलवे स्टेशन, बस अड्डा आदि का निरीक्षण किया ताकि यातायात निर्बाध रहे और अभ्यर्थियों को अपने गंतव्य के लिए शहर से निकलने के दौरान किसी असुविधा का सामना न करना पड़े।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल