सीएसजेएमयू के 14 विद्यार्थियों का यूपी एफएसडीए में चयन : प्रो. विनय कुमार पाठक
कानपुर, 21 मई (हि.स.)। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) के स्कूल ऑफ फार्मास्युटिकल साइंसेज विभाग के 14 छात्र-छात्राओं का चयन उत्तर प्रदेश सरकार के फूड सेफ्टी एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन विभाग में ड्रग एनालिस्ट पद पर हुआ है। यह उपलब्धि विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और विश्वविद्यालय के गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण का परिणाम है। यह बातें गुरुवार को प्रो. विनय कुमार पाठक ने कहीं।
छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ फार्मास्युटिकल साइंसेज विभाग के चयनित अभ्यर्थियों में पूर्व छात्र-छात्राओं के साथ वर्तमान विद्यार्थी भी शामिल हैं। चयनित विद्यार्थियों में अंशु गौतम, चित्रसेन प्रजापति, मधु सचान, धर्मेंद्र कुमार मिश्रा, नितिन कुमार, जागृति वर्मा, इशिका सिंह, श्वेता मौर्य, नितीश कुमार, मनीष कुमार श्रीवास्तव, शशांक पास्टर, रजनीकांत और दरक्षम अंजुम सहित कुल 14 अभ्यर्थियों ने सफलता प्राप्त की।
इसके अतिरिक्त विभाग की एक छात्रा का चयन पॉलीटेक्निक कॉलेज में लेक्चरर पद पर भी हुआ है। कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने कहा कि विश्वविद्यालय लगातार रोजगारोन्मुख एवं शोध आधारित शिक्षा को बढ़ावा दे रहा है, जिसका सकारात्मक परिणाम अब विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं एवं सरकारी सेवाओं में दिखाई दे रहा है।
फार्मेसी विभाग के शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की। विभाग के अनुसार ड्रग एनालिस्ट का पद फार्मास्युटिकल एवं स्वास्थ्य क्षेत्र में महत्वपूर्ण माना जाता है, जहां दवाओं की गुणवत्ता, सुरक्षा एवं मानकों की जांच की जिम्मेदारी होती है।
विश्वविद्यालय की ओर से बताया गया कि उत्तर प्रदेश फूड सेफ्टी एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन विभाग में चयन विद्यार्थियों के लिए एक प्रतिष्ठित अवसर है और यह विभाग की शैक्षणिक गुणवत्ता को भी दर्शाता है। चयनित अभ्यर्थियों ने अपनी सफलता का श्रेय शिक्षकों के मार्गदर्शन, निरंतर अभ्यास एवं विश्वविद्यालय के सकारात्मक शैक्षणिक माहौल को दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप