नगर निगम गोरखपुर की 13वीं कार्यकारिणी की बैठक संपन्न, जनहित से जुड़े कई प्रस्तावों को मिली मंजूरी
गोरखपुर, 22 अप्रैल (हि.स.)। नगर निगम गोरखपुर की कार्यकारिणी समिति की 13वीं बैठक मंगलवार को महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में नगर के समग्र विकास, प्रशासनिक सुदृढ़ता और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर गहन चर्चा करते हुए सर्वसम्मति से निर्णय लिए गए।
बैठक की शुरुआत पूर्व कार्यवाही की पुष्टि के साथ हुई। कार्यकारिणी समिति की 12वीं बैठक (18 फरवरी 2026) की कार्यवाही को सर्वसम्मति से अनुमोदित किया गया, जबकि 11वीं बैठक (15 नवंबर 2025) की अनुपालन आख्या को भी स्वीकृति प्रदान की गई। इससे पूर्व में लिए गए निर्णयों के प्रभावी क्रियान्वयन पर संतोष व्यक्त किया गया।
बैठक का प्रमुख आकर्षण नगर निगम द्वारा संचालित सीनियर सिटीजन डे केयर सेंटर की कार्यप्रणाली को लेकर रहा। वरिष्ठ नागरिकों के हितों को ध्यान में रखते हुए सेंटर के सुचारु संचालन के लिए एक व्यापक एवं सुव्यवस्थित नियमावली को मंजूरी दी गई। इसमें पंजीकरण प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने, वरिष्ठ नागरिकों के लिए आवश्यक सुविधाओं के विस्तार, तथा उनके लिए सुरक्षित, सम्मानजनक और अनुकूल वातावरण सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया। साथ ही सेंटर पर स्वास्थ्य, मनोरंजन एवं सामाजिक गतिविधियों के विस्तार को लेकर भी सहमति बनी।
बैठक के दौरान नगर निगम के विभिन्न जोन कार्यालयों की स्थिति पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। कार्यकारिणी सदस्यों ने जोन संख्या-4 में नए कार्यालय भवन के निर्माण की आवश्यकता को प्रमुखता से उठाया। वहीं जोन संख्या-3 में आधुनिक एवं भव्य कार्यालय भवन के निर्माण हेतु महापौर और नगर आयुक्त द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की गई।
महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने बैठक में लिए गए निर्णयों के प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन पर जोर देते हुए कहा कि नगर निगम शहर के संतुलित विकास और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी स्वीकृत प्रस्तावों को प्राथमिकता के आधार पर लागू किया जाए।
बैठक में उपस्थित अधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों ने भी नगर हित में लिए गए निर्णयों को लागू करने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। उन्होंने विश्वास जताया कि ये निर्णय शहर की प्रशासनिक व्यवस्था को और मजबूत करेंगे तथा नागरिकों के जीवन स्तर में सकारात्मक सुधार लाएंगे। नगर निगम द्वारा लिए गए ये फैसले गोरखपुर के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माने जा रहे हैं, जो भविष्य में शहर को और अधिक सुव्यवस्थित, सशक्त और नागरिक-अनुकूल बनाने में सहायक सिद्ध होंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय