संपूर्ण समाधान दिवस में 138 शिकायतें, 12शिकायताें का माैके पर निस्तारण

 




जौनपुर, 18 अप्रैल (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में तहसील मड़ियाहूं में जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद की अध्यक्षता और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह की उपस्थिति में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। कार्यक्रम में डीएम ने जनसुनवाई करते हुए लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 138 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 12 का मौके पर निस्तारण किया गया।

शिविर के दौरान कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया। मंगला सिंह निवासी छीतम सराय का आधार और खतौनी में नाम अलग-अलग दर्ज होने से फार्मर रजिस्ट्री आईडी नहीं बन पा रही थी। डीएम के निर्देश पर मात्र 15 मिनट में खतौनी संशोधित कर उन्हें उपलब्ध करा दी गई। वहीं, राजमणि पटेल के खतौनी में गलत पता दर्ज होने की समस्या भी तत्काल ठीक कर दी गई।

चंद्र प्रकाश सिंह की अवैध कब्जे की शिकायत पर खंड विकास अधिकारी को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। कमलेश दुबे के विद्युत फीडर संबंधी मामले में अधीक्षण अभियंता को जांच सौंपी गई, जबकि रामलखन की किसान सम्मान निधि दो वर्ष से लंबित होने पर उपनिदेशक कृषि को जांच के निर्देश दिए गए। अखिलेश उपाध्याय के घर जाने वाले रास्ते पर अवरोध की शिकायत पर डीएम ने राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम को मौके पर जांच के निर्देश दिए। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी, तहसीलदार सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। अन्य तहसीलों में भी इसी प्रकार जनसुनवाई कर समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए गए।----------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव