मुरादाबाद : कुष्ठ रोगी खोजी अभियान में 1318 सम्भावित रोगियों की खोज

 


मुरादाबाद, 23 मार्च (हि.स.)। राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत चलाए जा रहे कुष्ठ रोगी खोजी अभियान का आज समापन हो गया। इस अभियान में मुरादाबाद महानगर के समस्त ब्लॉक एवं शहरी क्षेत्र में 2787 टीमों द्वारा व्यक्तियों का परीक्षण किया गया। जिला कुष्ठ परामर्शदाता डॉ भास्कर अग्रवाल ने सोमवार को बताया कि पूरे अभियान में टीमों द्वारा 34,09,933 व्यक्तियों की जांच की गई जिसमें से 1318 सम्भावित रोगियों की खोज की गई।

डॉ भास्कर अग्रवाल ने आगे बताया कि ऐसे सम्भावित मरीजों को पर्ची देकर निकटतम स्वास्थ्य केंद्र पर भेजा गया है, जहां उनकी जांच की जाएगी और कुष्ठ रोग की पुष्टि होने पर उनका उपचार आरम्भ किया जाएगा। इस प्रक्रिया में अब तक जनपद मुरादाबाद में 47 कुष्ठ रोगियों की पुष्टि हो चुकी है। इसमें ठाकुरद्वारा में 6, बिलारी में 3, कांठ में 7, मूढ़ापांडे में 7, भोजपुर में 7, डिलारी में 6 ताजपुर में 4, कुंदरकी में 3 एवं मुरादाबाद शहरी क्षेत्र में 4 कुष्ठ रोगी की पुष्टि हुई है। इन 47 रोगियों में 13 का उपचार 6 महीने किया जाएगा एवं 34 का उपचार 1 साल तक चलेगा। टीम द्वारा ऐसे घरों में जहां पर सभी लोगों की जांच नहीं हो पाई है वहां अभियान के 14 वें दिन आज दोबारा भ्रमण किया गया एवं पहले अनुपस्थित पाए गए लोगों का परीक्षण किया गया। नगरीय क्षेत्र की टीमों का निरीक्षण समय-समय पर डॉ नितिन यादव द्वारा भी किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल