शोध और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए 13 पुस्तकों व पुस्तिकाओं का विमोचन : प्रो. विनय कुमार पाठक

 


कानपुर, 09 जुलाई (हि.स.)। शिक्षकों द्वारा लिखी और संपादित पुस्तकें विश्वविद्यालय में हो रहे शोध, नवाचार और शैक्षणिक कार्यों का प्रतिबिंब हैं। 13 पुस्तकों और पुस्तिकाओं का प्रकाशन विद्यार्थियों और शोधार्थियों के लिए उपयोगी साबित होगा। यह बातें गुरुवार को कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने कहीं।

छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) के 41वें दीक्षांत समारोह में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने विश्वविद्यालय के शिक्षकों द्वारा लिखित और संपादित 13 पुस्तकों एवं पुस्तिकाओं का विमोचन किया। समारोह में एआईसीटीई के अध्यक्ष प्रो. योगेश सिंह, उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, राज्य मंत्री रजनी तिवारी सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक और अधिकारी मौजूद रहे।

विमोचित पुस्तकों में डॉ. प्रवीन कटियार की हेल्थकेयर सिस्टम्स फ्यूचर प्रिडिक्शंस फॉर ग्लोबल केयर, ऐश्वर्या आर्या की पर्यटन और शहरी विकास तथा शिवांशु सचान की होटल प्रबंधन : भोजन एवं भोजन सेवाएं शामिल हैं। इन पुस्तकों में स्वास्थ्य सेवाओं, पर्यटन और होटल प्रबंधन से जुड़े विभिन्न विषयों पर अध्ययन प्रस्तुत किया गया है।

इसके अलावा अनुसंधान एवं परियोजनाओं, संसाधन सृजन, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) पहल, नवाचार, पेटेंट, उद्यमिता, खेल, दूरस्थ शिक्षा, प्लेसमेंट, आईआरएसी, एलुमनाई एसोसिएशन की स्मारिका आगाज तथा राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की वार्षिक स्मारिका का भी विमोचन किया गया।

कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने कहा कि विश्वविद्यालय में शिक्षा के साथ शोध, नवाचार और प्रकाशन गतिविधियों को लगातार बढ़ावा दिया जा रहा है। इन पुस्तकों और पुस्तिकाओं के माध्यम से विद्यार्थियों, शोधार्थियों और शिक्षकों को विभिन्न विषयों पर तैयार सामग्री उपलब्ध होगी, जिससे शैक्षणिक और शोध गतिविधियों को मजबूती मिलेगी।

दीक्षांत समारोह में हुए इस विमोचन के माध्यम से विश्वविद्यालय की शैक्षणिक, शोध, नवाचार और छात्र गतिविधियों से जुड़े कार्यों को भी प्रस्तुत किया गया। प्रकाशनों में विभिन्न विभागों की उपलब्धियों, अनुसंधान परियोजनाओं, नवाचार, छात्र कल्याण और संस्थागत गतिविधियों का विवरण शामिल किया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप