पीयू के 12 शिक्षकों ने अंतरराष्ट्रीय टॉप-1000 स्कॉलर रैंकिंग में बनाई जगह
जौनपुर,04 अक्टूबर (हि.स.)। यूपी के जौनपुर स्थित वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय (पीयू) के 12 शिक्षकों ने अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग संस्था स्कॉलरली इंडेक्स की टॉप-1000 स्कॉलर रैंकिंग में स्थान हासिल किया है। इस उपलब्धि से विश्वविद्यालय की शोध एवं अकादमिक उत्कृष्टता को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली है।
स्कॉलरली इंडेक्स की यह रैंकिंग शोध प्रकाशनों, उद्धरण, एच-इंडेक्स, डी-इंडेक्स और समग्र शोध प्रभाव सहित विभिन्न अकादमिक मानकों के आधार पर तैयार की जाती है। रैंकिंग में शोध की गुणवत्ता, प्रासंगिकता और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उसके प्रभाव को भी महत्व दिया जाता है।
इस उपलब्धि पर कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह ने चयनित शिक्षकों को रविवार को बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि शिक्षकों की यह अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि पूरे विश्वविद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय है। इससे विद्यार्थियों और युवा शोधार्थियों को उत्कृष्ट शोध के लिए प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने कहा कि किसी विश्वविद्यालय की पहचान उसके शिक्षकों की शैक्षणिक गुणवत्ता और शोध उपलब्धियों से स्थापित होती है।
टॉप-1000 स्कॉलर रैंकिंग में स्थान बनाने वालों में प्रो. अशोक कुमार श्रीवास्तव, प्रो. राजकुमार, प्रो. संदीप कुमार सिंह, प्रो. नूपुर गोयल, डॉ. मिथिलेश यादव, डॉ. अजीत सिंह, डॉ. विक्रांत भटेजा, डॉ. आशीष वर्मा, डॉ. राम नरेश यादव, डॉ. दीपक कुमार मौर्य, डॉ. राम नारायण और डॉ. पारुल त्रिवेदी शामिल हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, शिक्षकों की यह उपलब्धि उनके व्यक्तिगत शोध योगदान के साथ-साथ विश्वविद्यालय में विकसित हो रहे शोध वातावरण और अकादमिक सक्रियता को भी दर्शाती है।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव