जफराबाद विधानसभा में 12 नई सड़कों को मंजूरी, 10.59 करोड़ रुपये से होगा निर्माण

 


जौनपुर, 25 अगस्त (हि.स.)। जफराबाद विधानसभा क्षेत्र में सड़क सुविधाओं के विस्तार को लेकर बड़ी पहल हुई है। लोक निर्माण विभाग ने क्षेत्र में 12 नई सड़कों के निर्माण के लिए 10 करोड़ 59 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। शासन स्तर से मंजूरी मिलने के बाद इन सड़क परियोजनाओं के जल्द धरातल पर उतरने की उम्मीद है।

जफराबाद के विधायक जगदीश नारायण राय ने मंगलवार को सड़क निर्माण के लिए मिली स्वीकृति का स्वागत करते हुए कहा कि विधानसभा क्षेत्र के गांवों और बस्तियों को बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। नई सड़कों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा और लोगों को जर्जर मार्गों की समस्या से राहत मिलेगी।

उन्होंने कहा कि जफराबाद विधानसभा का समग्र विकास प्राथमिकता है। क्षेत्र में सड़क, बिजली, पानी समेत बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। 10.59 करोड़ रुपये की लागत से 12 सड़कों के नव निर्माण की स्वीकृति इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे ग्रामीणों, किसानों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा।

स्वीकृत परियोजनाओं में विभिन्न गांवों और बस्तियों को मुख्य मार्गों से जोड़ने वाली संपर्क सड़कों का निर्माण शामिल है। इन सड़कों के बनने से क्षेत्र का सड़क नेटवर्क और मजबूत होने के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी।

विधायक ने बताया कि क्षेत्र की जरूरतों को लेकर वह लगातार शासन और संबंधित विभागों के समक्ष मांग उठाते रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि स्वीकृत परियोजनाओं की प्रक्रिया जल्द पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा, जिससे क्षेत्र की जनता को आवागमन में सुविधा मिल सकेगी।-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव