योग भारत की अमूल्य सांस्कृतिक विरासत जो स्वस्थ व संतुलित जीवन का है आधार-कृष्णा पासवान

 


फतेहपुर, 21 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में रविवार को 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर सामूहिक योगाभ्यास का आयोजन किया गया। कलक्ट्रेट स्थित गांधी मैदान में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राज्य मंत्री कृष्णा पासवान उपस्थित रहीं।

इस अवसर पर जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स, पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक, मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीणा सहित जनपद स्तरीय अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों ने योगाभ्यास किया। कार्यक्रम का शुभारंभ राज्य मंत्री कृष्णा पासवान ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया । तत्पश्चात योग प्रशिक्षकों के निर्देश पर प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासनों एवं प्राणायाम का अभ्यास किया।

राज्यमंत्री कृष्णा पासवान ने योग को भारत की अमूल्य सांस्कृतिक विरासत बताते हुए इसे स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का आधार बताया तथा सभी से नियमित योग अपनाने का आह्वान किया। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने कहा कि योग स्वस्थ, सकारात्मक एवं ऊर्जावान जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक है।

पुलिस अधीक्षक फतेहपुर अभिमन्यु मांगलिक ने कहा कि योग शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक दृढ़ता एवं आत्मानुशासन को भी सुदृढ़ करता है। कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों द्वारा नियमित योगाभ्यास एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के संकल्प के साथ हुआ।------------

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार