यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए कानपुर में 116 केंद्र प्रस्तावित : महेंद्र सिंह तंवर
कानपुर, 05 नवंबर (हि.स.)। यूपी बोर्ड परीक्षा 2027 के लिए प्रस्तावित 116 केंद्रों पर मिली आपत्तियों का स्थलीय सत्यापन कराकर नियमानुसार निस्तारण किया जाएगा। सभी संबंधित अधिकारी विद्यालयों में उपलब्ध संसाधनों और व्यवस्थाओं की जांच कर सात नवंबर तक रिपोर्ट प्रस्तुत करें। यह निर्देश गुरुवार को सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में आयोजित जनपदीय परीक्षा केंद्र निर्धारण समिति की बैठक में जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने दिए।
बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से ऑनलाइन प्रक्रिया के तहत जनपद में 116 परीक्षा केंद्र प्रस्तावित किए गए हैं। इनके संबंध में विद्यालयों के प्रबंधकों और प्रधानाचार्यों से 28 अक्टूबर तक आपत्तियां और प्रत्यावेदन मांगे गए थे।
जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारियों और अपर नगर मजिस्ट्रेटों को निर्देश दिए कि नए परीक्षा केंद्र बनाए जाने तथा संसाधनों की कमी के आधार पर प्रस्तावित केंद्रों को निरस्त करने से संबंधित आपत्तियों की मौके पर जाकर जांच करें। शासनादेश में निर्धारित मानकों के अनुसार विद्यालयों में उपलब्ध संसाधनों और व्यवस्थाओं का सत्यापन कर रिपोर्ट सौंपें।
बैठक में तय किया गया कि आपत्तियों और प्रत्यावेदनों के निस्तारण के लिए 10 नवंबर को दोबारा बैठक होगी। इसमें नए परीक्षा केंद्र बनाने अथवा प्रस्तावित केंद्र निरस्त करने की मांग करने वाले संबंधित विद्यालयों के प्रबंधकों को उपस्थित रहना होगा। जनपदीय समिति शासनादेश के प्रावधानों के अनुसार सभी आपत्तियों का निस्तारण करेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप