दीक्षांत समारोह में 11 स्टार्टअप्स ने दिखाए नवाचार, छात्रों के उत्पाद बने आकर्षण का केंद्र

 


कानपुर, 09 जुलाई (हि.स.)। दीक्षांत समारोह में लगाए गए 11 स्टार्टअप्स के स्टॉल इस बात का प्रमाण हैं कि विश्वविद्यालय के विद्यार्थी नवाचार के माध्यम से समाज की जरूरतों के अनुरूप समाधान विकसित कर रहे हैं। इनोवेशन फाउंडेशन ऐसे प्रयासों को मंच उपलब्ध कराने का काम कर रहा है। यह बातें गुरुवार को सीएसजेएमयू इनोवेशन फाउंडेशन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी दिव्यांश शुक्ला ने कहीं।

छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) के 41वें दीक्षांत समारोह में इस बार मेधावियों को उपाधियां और पदक प्रदान करने के साथ 11 स्टार्टअप्स की प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रही। विश्वविद्यालय के इनोवेशन फाउंडेशन की ओर से लगाए गए स्टॉलों पर विद्यार्थियों और युवा उद्यमियों ने स्वास्थ्य, साइबर सुरक्षा, इंटरनेट ऑफ थिंग्स (आईओटी), कृत्रिम बुद्धिमत्ता, पर्यावरण संरक्षण, क्लाउड सेवाओं, खाद्य तकनीक और रक्षा तकनीक से जुड़े अपने उत्पादों और तकनीकी समाधानों का प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनी में मेडियोटेक प्राइम सॉल्यूशंस ने मरीजों के सुरक्षित स्थानांतरण के लिए मोटर चालित प्रणाली, एयॉनप्राइम टेक्नोलॉजीज ने एक स्पर्श से संचालित डिजिटल प्रिंटिंग मशीन, वाइजमैन इन्फोसेक ने साइबर सुरक्षा और कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित प्रशिक्षण प्रणाली तथा क्योर कल्ट हेल्थकेयर ने डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं का मंच प्रस्तुत किया।

इसके अलावा स्लॉगफाई टेक इनोवेशन ने स्मार्ट होम ऑटोमेशन प्रणाली, ईएचएम कंसल्टेंसी ने सतत विकास से जुड़े समाधान, सफलहोस्ट ने क्लाउड और वेब होस्टिंग सेवाएं तथा निवारण अपसाइक्लर्स ने मंदिरों से निकलने वाले अपशिष्ट को पुनर्चक्रित कर तैयार किए गए उत्पादों का प्रदर्शन किया। डाइटरी गाइड ने व्यक्तिगत पोषण परामर्श, आरएफ नैनोकॉम्पोजिट्स ने रक्षा और औद्योगिक क्षेत्रों के लिए विकसित विशेष सामग्री तथा जॉयलिशियस ने महिलाओं के स्वास्थ्य और पोषण से जुड़े खाद्य उत्पाद प्रदर्शित किए।

दिव्यांश शुक्ला ने बताया कि इन स्टार्टअप्स का उद्देश्य केवल नए उत्पाद विकसित करना नहीं, बल्कि समाज की वास्तविक समस्याओं के समाधान प्रस्तुत करना भी है। विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को नवाचार और उद्यमिता के लिए आवश्यक मार्गदर्शन, प्रशिक्षण और मंच उपलब्ध करा रहा है, ताकि उनके विचार उद्योग और बाजार तक पहुंच सकें।

दीक्षांत समारोह में पहुंचे अतिथियों, अभिभावकों और शिक्षकों ने स्टॉलों का अवलोकन किया और विद्यार्थियों के नवाचारों की जानकारी ली। कई स्टार्टअप्स ने स्वास्थ्य, पर्यावरण, डिजिटल सेवाओं और महिला सशक्तीकरण जैसे क्षेत्रों में विकसित अपने उत्पादों और तकनीकों का प्रदर्शन कर लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप