मुरादाबाद : नीट पुनर्परीक्षा में 10,600 परीक्षार्थी पंजीकृत
मुरादाबाद, 20 जून (हि.स.)। देशभर के साथ मुरादाबाद जनपद में 21 जून को होने वाली नीट यूजी 2026 की पुनर्परीक्षा को नकलविहीन, पारदर्शी ओर शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक रितु तोमर का कहना है कि जनपद में परीक्षा के लिए 22 केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर 10,600 विद्यार्थी पंजीकृत हैं।
डीआईओएस के अनुसार परीक्षा कक्षों में ड्यूटी के लिए 1050 शिक्षकों को कक्ष निरीक्षक बनाया गया है। यदि कोई व्यक्ति परीक्षा में व्यवधान उत्पन्न करने अथवा अनुचित साधनों का प्रयोग कराने का प्रयास करेगा तो उसके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रितु तोमर का कहना है कि गर्मी को देखते हुए परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, साफ-सफाई, ओआरएस, मेडिकल टीम और यातायात प्रबंधन की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने निर्देश दिए हैं।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल