106 दिव्यांगजनों को मिले सहायक उपकरण, आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार चला रही योजनाएं : अशोक कुमार सचान
कानपुर, 03 नवंबर (हि.स.)। प्रदेश सरकार दिव्यांगजनों के सशक्तीकरण और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से दिव्यांगजनों को जरूरी सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे वे अपनी दैनिक गतिविधियां आसानी से कर सकें और किसी पर निर्भर न रहें। यह बातें मंगलवार को भीतरगांव में आयोजित कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख अशोक कुमार सचान ने कहीं।
दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग, कानपुर नगर की ओर से आयोजित कार्यक्रम में 106 दिव्यांगजनों को निःशुल्क सहायक उपकरण वितरित किए गए। इनमें 71 दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल, चार को मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल, तीन को स्मार्ट केन, चार को कान की मशीन, सात को एमआर किट और एक दिव्यांगजन को व्हीलचेयर प्रदान की गई।
जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी विनय उत्तम ने विभाग की ओर से संचालित योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए विभिन्न योजनाएं चलाई जा रही हैं। इन योजनाओं के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को उनकी जरूरत के अनुसार सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाते हैं। उन्होंने दिव्यांगजनों से विभागीय योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ उठाने की अपील की। साथ ही कहा कि पात्र दिव्यांगजन योजनाओं का लाभ लेने के लिए विभाग से संपर्क कर सकते हैं।
कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी भीतरगांव, सहायक विकास अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप